बैठक में अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते उपायुक्त प्रदीप दहिया
हिसार। उपायुक्त प्रदीप दहिया ने सोमवार को स्थानीय लघु सचिवालय परिसर स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंस सभागार में नारको समन्वय केंद्र (एनसीओआरडी) की बैठक की ली। इसमें उन्होंने अधिकारियों को अवैध नशीली दवाओं की तस्करी करने वाले अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिला ड्रग कंट्रोल ऑफिसर ने मई में 27 मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। जिसमें 7 मेडिकल स्टोर में एनडीपीएस से संबंधित दवाइयां मिलीं और 6 मेडिकल स्टोर का रिकॉर्ड मिलान करने पर सही पाया गया। एक मेडिकल स्टोर का रिकॉर्ड न मिलने पर 7 दिन के लिए लाइसेंस सस्पेंड करके लाइसेंसिंग अथॉरिटी के पास मामला भेजा गया।
बैठक में उपायुक्त को अवगत कराया गया कि जिले में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत प्रत्येक स्कूल में नोडल ऑफिसर की तैनाती की जा चुकी है। जिले में कुल 1041 सरकारी व निजी विद्यालयों में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत पेंटिंग, पोस्टर मेकिंग, स्लोगन राइटिंग, भाषण व क्विज प्रतियोगिता जैसे जागरूकता कार्यक्रम हो चुके हैं। सीएमओ ने मई में 6 नशा मुक्ति केंद्रों का निरीक्षण किया। सिविल अस्पताल में स्थापित नशा मुक्ति केंद्रों में 275 मरीजों ने ओपीडी का लाभ उठाया है। इस अवसर पर हिसार पुलिस अधीक्षक मोहित हांडा, हांसी पुलिस अधीक्षक मकसूद अहमद, एसडीएम जयवीर यादव, जिला परिषद सीईओ कुलभूषण बंसल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।