जिस नेता को विधानसभा चुनाव में एमएलए की टिकट नहीं मिल पाई, अब वो जिला परिषद् की चेयरमैनी पर नजरें गड़ाए हुए हैं।
विधायक तो नहीं बन सके, मगर जिला परिषद् का चेयरमैन बनकर ही राजनीतिक कद बढ़ाने की जुगत में हैं। प्रदेश के वित्तमंत्री से लेकर पूर्व मंत्रियों तक के रिश्तेदार चेयरमैनी को लक्ष्य बनाकर जिला परिषद् के मैदान में कूद गए हैं।
ऐसे प्रत्याशी नामांकन के बाद प्रचार में जुट गए हैं। जिला परिषद की चेयरमैनी का ख्वाब लेने वालों में भाजपा समर्थित ज्यादा हैं।
प्रदेश तथा केंद्र में भाजपा की सरकार होने के चलते भाजपा से जुडे़ लोगों को जिला परिषद में भाजपा का चेयरमैन बनने की संभावना ज्यादा है।
गुरजिंदर कौर
पूर्व शिक्षामंत्री और हांसी से भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ चुके प्रोफेसर छत्रपाल सिंह की पत्नी गुरजिंदर कौर जिला परिषद् के वार्ड नंबर 12 से चुनाव मैदान में उतरी हैं।
सितंबर में नामांकन पत्र भी दाखिल कर चुकी हैं। विधानसभा चुनाव से पहले ही कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए प्रोफेसर छत्रपाल खुद तो हांसी से चुनाव हार गए थे, मगर अब पत्नी को जिला पार्षद बनवाकर चेयरमैनी के लिए दावेदारी जताएंगे।
अरुण दत्त शर्मा
भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य व गांव बालसमंद निवासी अरुणदत्त शर्मा बीते विधानसभा चुनाव में आदमपुर हलके से टिकट पाने के लिए जी-तोड़ मेहनत कर रहे थे।
मगर पार्टी ने उनकी बजाय कर्ण सिंह रानौलिया को प्रत्याशी बना दिया था। टिकट नहीं मिलने की टिस को कम करने के लिए अरुण दत्त चेयरमैनी की ओर नजरें गड़ाए हुए हैं। इसीलिए उन्होंने वार्ड नंबर 4 से नामांकन दाखिल कर दिया है।
पवन खारिया
जिला कष्ट निवारण समिति के सदस्य व भाजपा अंत्योदय प्रकोष्ठ के सह-संयोजक पवन खारिया ने 2009 में भाजपा की टिकट पर आदमपुर से चुनाव लड़ा था, मगर हार गए थे।
बिना किसी विशेष जनाधार के बावजूद भी आदमपुर हलके में भाजपा का लंबे समय से झंडा उठाए पवन खारिया भी अब जिला पार्षद बनने के लिए चेयरमैनी के लिए जोड़तोड़ करेंगे।
राजेश बगला
बहुजन समाज पार्टी की टिकट पर 2009 में आदमपुर से चुनाव लड़ चुके राजेश बगला भी जिला परिषद की राजनीति में लौट आए हैं।
जिला परिषद के वार्ड नंबर 2 से उन्होंने नामांकन दाखिल कर प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। विधायक तो नहीं बन पाए, मगर अब जिला पार्षद बनने के लिए जुट गए हैं। बगला भी जीत के बाद चेयरमैनी पाने के लिए रणनीति बनाने का दंभ भरते हैं।
शशि ढाका
वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु के साले शशि ढाका भी जिला पार्षद बनने के लिए उम्मीदवार बनेंगे। उन्होंने सितंबर महीने में जिला परिषद के वार्ड नंबर 3 से नामांकन दाखिल कर प्रचार भी शुरू कर दिया था। अपने जीजा के राजनीतिक कद के सहारे ढाका भी जिला परिषद की चेयरमैनी के सशक्त दावेदार होंगे।