हिसार। जिले में बिना कागज के दौड़ रहे वाहनों पर आरटीए ने अब सख्ती बढ़ा दी है। जिले के मुख्य मार्गों पर चलाए गए 15 दिन के विशेष अभियान में आरटीए (क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण) टीम ने 154 वाहनों को पकड़ा और इंपाउंड कर 54 लाख 4 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। अभियान मुख्य रूप से हिसार-दिल्ली और हिसार-सिरसा मार्ग पर चलाया गया जहां ट्रक, अवैध बसें और अन्य भारी वाहन नियमों की अनदेखी करते हुए दौड़ रहे थे।
जनवरी और फरवरी में इन वाहनों के कारण सबसे अधिक सड़क हादसे हुए। अवैध वाहनों की धरपकड़ के लिए आरटीए ने दो विशेष टीमों का गठन किया जिनमें तीन-तीन सदस्य शामिल हैं। टीमों ने एक अप्रैल से 15 अप्रैल तक जिले के विभिन्न मार्गों पर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की चेकिंग की।
विभाग के अनुसार, अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और नियमों का पालन कराना है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी ऐसे वाहनों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि हादसों और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।
क्षमता से अधिक माल भरने पर 70 वाहन इंपाउंड, 5 बसों पर भी कार्रवाई :
टीम की ओर से पकड़े गए वाहनों में क्षमता से अधिक माल भर कर एक जिले से दूसरे जिलों में ले जाया जा रहा था। ऐसे करीब 70 वाहनों को आरटीएम टीम ने इंपाउंड किया है। इनमें अधिकांश ट्रक और डंपर हैं जिनमें भवन निर्माण सामग्री भरकर ले जाया जा रहा था। ये वाहन हादसों का कारण बने हुए है। इसके साथ सड़क को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। टीम ने हिसार-सिरसा मार्ग पर दौड़ रही प्राइवेट बसों व सवारी गाड़ियों की चेकिंग की। इस दौरान इस मार्ग पर पांच बसें बिना परमिट के दौड़ती मिलीं। इन बसों को इंपाउंड किया गया है।
-
वर्जन :
जिले में नियमों को ताक पर रख कर दौड़ रहे भारी वाहन सरकार को चूना लगा रहे हैं। ऐसे वाहनों पर विभाग विशेष रूप से कार्रवाई कर रहा है। इसके लिए दो टीमों का गठन किया है। इन वाहनों के चालान काटकर इंपाउंड किया जा रहा है। साथ ही जुर्माना किया जा रहा है। ऐसे वाहनों को किसी भी सूरत में छोड़ा नहीं जाएगा।
हरमेंद्र सिंह, सहायक आरटीए अधिकारी, हिसार।