हांसी में विधायक के आवास के बाहर क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठीं छात्राएं। संवाद
हांसी। कागसर के निजी नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं ने विधायक विनोद भयाना के आवास के बाहर चल रहे धरने के नौवें दिन शनिवार को क्रमिक भूख हड़ताल की। माइग्रेशन की मांग के लिए इस दौरान अन्नु, आंचल, लवप्रीत, मुस्कान व निशा सुबह आठ से शाम पांच बजे भूख हड़ताल पर रही। धरने पर बैठीं अन्य छात्राओं में से दो की तबीयत बिगड़ गई। एंबुलेंस से दोनों छात्राओं को नागरिक अस्पताल में ले जाया गया। यहां से उपचार के बाद दोपहर को लौटकर धरने में फिर शामिल हो गईं।
सतरोल खाप खाप के प्रधान संदीप खर्ब के साथ राजथल के सरपंच प्रतिनिधि अनिल, जोगेंद्र मान, मेहर सिंह ने धरने को समर्थन दिया। धरने पर बैठे किसान नेता सुरेश खोथ, मुकेश मलिक, जय सिंह, रविंद्र मोर व अन्य ने बताया कि 23 फरवरी तक माइग्रेशन लेटर लिखित में नहीं मिला तो 24 फरवरी से विधायक के आवास के दोनों गेटों पर घेराव किया जाएगा। इसमें छात्राओं-अभिभावकों के अलावा किसान और मजदूर भी भाग लेंगे। रविवार को सात बास खाप में जोगेंद्र माइयड़ व दशरथ मलिक, बरवाला रोड पर कैलाश मलिक व सोमवीर पंघाल और सतरोल खाप में धर्मपाल बड़ाला व कृष्ण मलिक इसके लिए प्रचार करेंगे।