हिसार। सड़क हादसे में घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तहसील क्षेत्र नरवाना, जिला जींद के गांव सुंदरपुरा निवासी चमनलाल (32) पुत्र दलवीर छह नवंबर को सड़क हादसे में घायल हो गए थे। वह मजदूरी करते थे। उन्हें यहां एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां इलाज के दौरान रविवार को उनकी मौत हो गई। जिला अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम करा पुलिस के एएसआई धर्मवीर ने शव परिजनों को सौंप दिया। नरवाना थाने के जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने उनके परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। ब्यूरो
पड़ोसी की बेटी और मेहमान को पीटा
हिसार। गांव चंदननगर में पड़ोसी की बेटी और मेहमान को पीटने का मामला सामने आया है। जिला पटना, बिहार निवासी अर्जुन प्रसाद अपनी पत्नी दुलारी देवी के साथ रविवार को आर्यनगर क्षेत्र के गांव चंदननगर निवासी अपनी बेटी निर्मला से मिलने उनके घर आए थे। निर्मला के परिजनों का अपने पड़ोसी से पानी निकासी का विवाद चल रहा है। इस कारण पहले भी दो बार झगड़ा होने पर उन्होंने नाली तोड़ दी थी। इसके बावजूद पड़ोसी उनके दरवाजे पर ही अपने घर का गंदा पानी गिरा रहा था। इसका विरोध करने पर आरोपी ने सोमवार को दुलारी देवी और उनकी दोहती आशा पुत्री शेर सिंह पर लाठी और पत्थर बरसा दिए। दोनों घायलों को जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपियों पर केस दर्ज नहीं हो सका। ब्यूरो