भारतीय किसान यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा कि सरकार द्वारा मुझे बदनाम करने और किसान आंदोलन को तोड़ने की कोशिश की जा रही है। मंगलवार को सिरसा जाते समय रामायण टोल पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि शिवकुमार कक्का और मैं एकसाथ काम किया करते थे। किसी कारणवश हम अलग हो गए थे। उसी का बदला लेने के लिए मुझे बदनाम करने की कोशिश की गई।
गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा कि वे शिवकुमार कक्का को मानहानि का नोटिस भेजेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें बदनाम तो कर ही दिया है, अब 10 करोड़ भी दिलवा दो। चढूनी ने किसानों को संबोधित किया कि हमें किसी भी अफवाह में नहीं आना और हर हाल में हम 26 जनवरी को दिल्ली में ट्रैक्टर परेड करेंगे। 24 जनवरी को सभी साथी दिल्ली में ट्रैक्टर लेकर चलेंगे और दिल्ली के रिंग रोड पर 26 जनवरी को ट्रैक्टर परेड में हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि हमें दिल्ली में शांतिप्रिय तरीके से परेड करनी है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सेल्फी के चक्कर में अपनी जान को जोखिम में न डालें और आराम से दिल्ली पहुंचे। उन्होंने कहा कि सरकार वार्ता के नाम पर बरगला रही है और सरकार को 26 जनवरी से पहले तीनों कानूनों को रद्द कर किसानों की मांगों को पूरा करना चाहिए।