हिसार। एशियन गेम्स के लिए दिल्ली में होने वाले ट्रायल में हिसार की पहलवान किरण गोदारा व दीपक दमखम दिखाते नजर आएंगे। किरण 76 किलोग्राम भार वर्ग में ट्रायल में हिस्सा लेंगी। हालांकि किरण ने पांच साल पहले जकार्ता में आयोजित एशियन गेम्स में हिस्सा लिया था, लेकिन पदक से चूक गई थीं। महाबीर स्टेडियम में किरण के अलावा कोई भी लड़की इस भारवर्ग में अभ्यास नहीं करती। ऐसे में अपनी ताकत, स्टेमिना व स्पीड बढ़ाने के लिए किरण लड़कों के साथ अभ्यास करती हैं।
कोच विष्णुदास का मानना है कि लड़कियों के मुकाबले में लड़कों में ताकत ज्यादा होती है। किरण भी अपनी ताकत बढ़ाने के लिए अभ्यास कर रही है, ताकि एशियन गेम्स में चयन होेने के बाद वह प्रतिद्वंद्वी पहलवान को आसानी से टक्कर दे सके। यह तकनीक किरण गोदारा के काफी काम आएगी। वहीं, मिरकां निवासी पहलवान दीपक 86 किलोग्राम भारवर्ग में दमखम दिखाएगा। किरण 22 जुलाई व दीपक 23 जुलाई को ट्रायल देंगे। एशियन गेम्स अक्तूबर माह में होंगे।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुकी किरण
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुकी सेक्टर-15 की पहलवान किरण गोदारा महाबीर स्टेडियम में 2010 से कुश्ती कोच विष्णुदास के पास प्रशिक्षण ले रही है। अब तक किरण नेशनल स्तर पर कई पदक जीतकर देश का नाम रोशन कर चुकी है। अब उसका सपना एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतना है। कुश्ती अभ्यास से पहले दौड़ लगाती है। सुबह-शाम पांच से छह घंटे अभ्यास कर रही है।
वहीं दीपक भी पिछले आठ साल से स्टेडियम में कोच विष्णुदास के पास ही प्रैक्टिस कर रहा है। दीपक जूनियर और सीनियर एशिया चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीत चुका है। दीपक ने बताया कि ट्रायल के लिए उसकी तैयारी पूरी है। वह ट्रायल में प्रतिद्वंद्वी पहलवान को हराकर एशियन गेम्स खेलने के लिए जगह बनाएगा। पिछले काफी समय से मैं तैयारी में लगा हुआ हूं। कोच विष्णुदास ने भी मुझे काफी मोटिवेट किया। परिवार का भी साथ मिला। आज इन्ही की वजह से मैं यहां तक पहुंच पाया हूं।
किरण की उपलब्धियां
- 2017 में कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक
- 2018 में कॉमनवेल्थ गेम्स में कांस्य पदक
- 2019 में सीनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में प्रतिभागी
- 2019 अंतरराष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप में रजत पदक