हरियाणा के युवाओं से भरी पड़ी हैं जेल, संस्कार की है कमी: बेदी
- फोटो : bureau
पूर्व आईपीएस किरण बेदी ने कहा कि हरियाणा के युवाओं में संस्कारों की कमी है। नतीजतन यहां की जेल भरी पड़ी हैं। इस प्रदेश के युवा अच्छे पढ़े-लिखे हैं, हट्टे-कट्टे हैं, लेकिन अपराध कर रहे हैं। कोई लूट में, कोई मर्डर में तो कोई रेप के मामले में जेल में बंद है। मैंने जो महसूस किया है, इसका कारण संस्कारो की कमी है।
हरियाणा का युवा स्वस्थ नहीं है। मानसिक रूप से स्वस्थ हो और संस्कारी हो तो वह कभी नहीं भटकेगा। बेदी रविवार को एचएयू के सभागार में पूर्व मंत्री एवं बीजेपी नेता प्रो. छत्रपाल की बहन बेबी सुधारानी मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा आयोजित बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ कार्यक्रम और ग्रामीण उच्चतम शिक्षित छात्राओं के प्रतिभा सम्मान समारोह को संबोधित कर रही थीं।
बेदी ने कहा कि हरियाणा से मेरा पुराना नाता है। यह मेरा घर भी है और कर्मभूमि भी। सोहना के पास एक गांव में हमारी मां ने चारों बहनों के लिए एक मकान लेकर दिया था, ताकि हम वहां कभी एक साथ इकट्ठा रह सकें। उन्होंने कहा हरियाणा देश का पहला प्रदेश है, जहां जेलों में संस्कारी अभियान चलाया गया है। गीता के उपदेश वाली इस धरती को मैं संस्कारी हरियाणा देखना चाहती हूं।
बहू को सास समझें धर्म की बेटी, बहू सास को समझें धर्म की मां : आचार्य
हिमाचल के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कारी व्यक्ति राष्ट्र निर्माण के विकास में अपनी अहम भूमिका निभाता है। भ्रष्टाचार को जड़ मूल से खत्म करने के लिए हमें युवाओं को संस्कारों और मानवता की शिक्षा भी देनी होगी। उन्होंने कहा कि हमें राष्ट्र में ऐसा माहौल पैदा करना होगा, जिससे कोई भी बाप अपनी बेटी को भार न समझें। बहू को सास धर्म की बेटी और बहू सास को धर्म की मां समझें।