हांसी। नशा मुक्ति अभियान के तहत खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए पुलिस ने स्थानीय सब्जी मंडी के पास मैदान में कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन करवाया। इसमें चार टीमों ने भाग लिया। फाइनल में ढाणा की टीम ने मुकाबला जीता।
शहर थाना प्रभारी सदानंद वत्स ने बताया कि प्रतियोगिता में गांव ढाणा, ढाणी केंदू, ढाणी पीरांवाली व जगदीश कॉलोनी की टीमों ने भाग लिया। सभी मैचों में सभी खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया जिसमें ढाणा की टीम ने फाइनल मैच में जगदीश कॉलोनी की टीम को 14-13 से हराकर कर जीत हासिल की। विजेता टीम को हांसी पुलिस की तरफ से इनाम देकर सम्मानित किया और सभी खिलाड़ियों को रिफ्रेशमेंट दी गई। उन्होंने ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान ग्रामीणों, युवाओं व खिलाड़ियों को नशे के खिलाफ और सड़क सुरक्षा के प्रति सजग करते हुए यातायात नियमों की जानकारी दी गई। साथ ही गांव और आस-पास नशे से संबंधित सामान बेचने वालों की सूचना पुलिस को देने के लिए प्रोत्साहित किया।