फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: पराली जलाने पर रोक के लिए कृषि और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें करेंगी गश्त

Sat, 07 Nov 2026 12:17 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हिसार
विज्ञापन
विज्ञापन
हांसी। फसल अवशेष जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए जिला प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू किया है। शुक्रवार को अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) लक्षित सरीन ने पुलिस पेट्रोलिंग टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
विज्ञापन

अभियान के तहत कृषि एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें गांव-गांव जाकर गश्त करेंगी और पराली प्रबंधन गतिविधियों की निगरानी करेंगी। टीमें किसानों को पराली नहीं जलाने तथा फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन के लिए जागरूक करेंगी। इसके साथ ही आधुनिक कृषि यंत्रों और वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। संवेदनशील गांवों और क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा पराली जलाने की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
एडीसी ने कहा कि प्रशासन पराली जलाने की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने किसानों से पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने और फसल अवशेषों को जलाने की बजाय उचित कृषि तकनीकों से उनका प्रबंधन करने की अपील की।
विज्ञापन

उन्होंने कहा कि पराली जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है तथा मिट्टी के लाभकारी सूक्ष्म जीवों और पोषक तत्वों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इससे भूमि की उर्वरा शक्ति भी प्रभावित होती है। फसल अवशेष प्रबंधन सामूहिक जिम्मेदारी है। किसानों के सहयोग और जनभागीदारी से ही इस समस्या पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।
इस अवसर पर डीएसपी विनोद शंकर, जिला राजस्व अधिकारी राजकुमार, उपमंडल कृषि अधिकारी डॉ. रविंदर कुमार, सहायक कृषि अभियंता हिसार डॉ. गोपी राम, विषय विशेषज्ञ डॉ. आरती, डॉ. प्रीति वर्मा और तकनीकी सहायक डॉ. विकास सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें