हिसार। सीएवी स्कूल की 11वीं-12वीं की कक्षाएं बंद करने और 11 कर्मचारियों को हटाने के मामले में शिक्षा विभाग ने जांच तेज कर दी है। बुधवार को ज्वाइंट डायरेक्टर अजीत सिंह श्योराण स्कूल पहुंचे। उन्होंने करीब दो घंटे तक शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन का पक्ष सुना।
अब दोनों पक्षों को संबंधित दस्तावेज जमा कराने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है। बैठक में शिक्षकों ने सीनियर विंग बंद करने और नौकरी से हटाए जाने का मुद्दा उठाया।
आर्य समाज संस्था नागौरी गेट के प्रधान देवेंद्र सैनी से भी जानकारी ली गई। बीईओ राकेश चराया ने बताया कि दस्तावेज मिलने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। सीएवी स्कूल की शुरुआत 1918 में हुई थी।
वर्ष 2000 में इसे 11वीं और 12वीं की मान्यता मिली। ये कक्षाएं 2025 तक चलती रहीं। 28 अप्रैल 2025 को प्रबंधन ने विद्यार्थियों की कम संख्या और वित्तीय घाटे का हवाला देकर सीनियर विंग बंद करने की बात कही। तीन मई को सभी 11 कर्मचारियों को रिलीव कर दिया गया।