प्रधानमंत्री जन औषधि योजना के तहत हरियाणा प्रदेश का चौथा, हिसार का पहला औषधालय लोगों के लिए खोला गया है। इस औषधालय में दवाइयों की कीमतें भी बाजार से 10 गुणा कम मूल्य तक हैं। मुख्य संसदीय सचिव डॉ. कमल गुप्ता ने पुष्पा कांपलेक्स में स्थित प्रधानमंत्री जन औषधि योजना के तहत खोले गए मेडिकल स्टोर के उद्घाटन के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष केंद्र सरकार ने देश में ऐसे तीन हजार औषधालय खुलवाने का निर्णय किया है। इस अवसर पर औषधालय के संचालक अनिल कुमार, डॉ. रोशन लाल जांगड़ा, उत्तरी भारत के प्रमुख दवा विशेषज्ञ डा. तरुण सिंह, डा. विनोद जांगड़ा सहित पुष्पा कांपलेक्स क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
दवाओं को खाने की दी जाएगी जानकारी
इन औषधालयों में मार्केट से कम कीमत पर उच्च गुणवत्ता की जेनेरिक दवाइयां लोगों को मिलेंगी, साथ ही बिल कंप्यूटराइज्ड दिया जाएगा। इसमें सारा सॉल्ट ब्यूरोफार्मा पब्लिक सेक्टर ऑफ इंडिया से खरीदा जाने वाला ही उपलब्ध होगा। औषधालय में कुशल फार्मासिस्ट रहेंगे। वे लोगों को दवाइयां किस प्रकार, किस समय लेनी है और किन-किन खाद्य पदार्थों से परहेज रखना है, आदि बारे भी जानकारी देंगे।
500 प्रकार की दवाइयां मिलेंगी उचित दामों पर
इसके अलावा बाजार में मिलने वाली महंगी दवाइयों के साल्ट के अल्टरनेट की दवाइयों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। इस औषधालय में लगभग 500 प्रकार की दवाइयां लोगों को उचित दामों पर प्राप्त होंगी।