गांव माजरा में रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनते अधिकारीगण। स्रोत : प
फतेहाबाद। गांवों तक प्रशासन की पहुंच और समस्याओं के समाधान की पहल के तहत गांव माजरा में रात्रि ठहराव जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। एसडीएम राजेश कुमार की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें अधिकारियों के सामने रखीं।
वीरवार रात के राजकीय माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 18 शिकायतें प्राप्त हुईं। प्रशासनिक अधिकारियों ने शिकायतों को गंभीरता से सुना और उनके समाधान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई। इस दौरान डीएसपी जय सिंह और जिला परिषद के सीईओ सुरेश कुमार भी मौजूद रहे।
एसडीएम ने कहा कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रशासन को गांवों तक पहुंचाकर आमजन की समस्याओं का समाधान करना है। ग्रामीणों को अपनी शिकायतें लेकर जिला मुख्यालय या अन्य सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें इसलिए संबंधित विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में समस्याएं सुनी जा रही हैं। प्रशासन का प्रयास है कि शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा हो।
सरकारी योजनाओं की दी जानकारी :
कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों और कर्मचारियों ने पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। एसडीएम ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
नशे की सूचना पुलिस को देने की अपील :
डीएसपी जय सिंह ने ग्रामीणों से बच्चों को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखने और उन्हें इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांव में किसी भी असामाजिक गतिविधि या नशे की बिक्री की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।