अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक कानून एवं व्यवस्था अकील मोहम्मद और पुलिस महानिरीक्षक ओपी सिंह ने बुधवार रात जिला के पुलिस अधिकारियों के साथ मीटिंग कर कानून व्यवस्था बनाए रखने निर्देश दिए। मीटिंग के बाद आईजी ने हिसार रेंज के विभिन्न जिलों में अर्धसैनिक बलों की 17 कंपनियों को तैनात कर दिया है।
हिसार जिला में 6 अर्धसैनिक बलों की कंपनियां तैनात की गई हैं। उधर जिला पुलिस ने जाट नेताओं से सीधे संवाद कर उन्हें चेतावनी दी है कि वे ऐसा काम ना करें जिससे हिंसा पैदा हो वरना उनकी संपत्ति कुर्क कर ली जाएगी।
अधिकारियों ने किया गांव का दौरा
पुलिस अधिकारियों द्वारा संवेदनशील गांवों का दौरा कर आंदोलन को लीड करने वाले लोगों को सीधे तौर पर अवगत करवा दिया है। जान-माल की हानि होने पर आप सीधे तौर पर जिम्मेवार होंगे व आपके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई कर आपकी चल-अचल संपत्ति कानून के अनुसार जब्त कर ली जायेगी।
आंदोलन की अगुवाई कर रहे तथा युवाओं और अन्य लोगों को गुमराह करने वाले लोगों को सीधा संदेश दे दिया गया है। जाट आरक्षण आंदोलन की अगुवाई करने वाले रामभगत मलिक, सत्यबीर पूनिया, दिलबाग देपल और मांगेराम भाखर और अन्य नेताओं और लोगों को सीधे तौर पर संवाद कर सचेत कर दिया गया है।
सादी वर्दी में रहेंगे सुरक्षा एजेंट
जिला पुलिस हिसार ने 4 कंपनियां असलाह-अमुनेशन व अन्य उपकरणों के साथ हर स्थिति से निपटने के लिए तैनात की हैं। चिह्नित किये गये संवेदनशील गांवों में सुरक्षा एजेंटों को तैनात किया गया है। सुरक्षा एजेंट सादे कपड़ों में गुप्त रूप से ऐसे लोगों की गतिविधियों पर ध्यान रखेंगे, जो लोगों को गुमराह करते हैं व कानून-व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करते हैं। ऐसे वाहनों के नंबर भी नोट किये जायेंगे जो ऐसे लोगों द्वारा प्रयोग किये जा रहे हैं। सूचना तुरंत उच्च अधिकारियों को देंगे।
माहौल को देख की तैनाती
एसपी अश्विन शैणवी ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए और किसी अप्रिय घटना होने की सूरत में प्रभावशाली ढंग से नियंत्रण करने के लिए लोकल पुलिस के साथ-साथ जिला हिसार में 6 कंपनियां अर्धसैनिक बलों (तीन सीआईएसएफ, एक आईटीबीपी, एक कंपनी सीआरपीएफ व एक कंपनी बीएसएफ) की तैनात की गई। जिला के संवेदनशील क्षेत्रों में स्थानीय पुलिस के साथ फ्लैग मार्च किया जा रहा है।
रेंज में पुलिस के अलावा 17 कंपनियां तैनात
हिसार रेंज के विभिन्न जिलों में अब तक अर्धसैनिक बलों की अब तक 17 कंपनियों को तैनात कर दिया गया है। इसमें जिला हिसार में 6, जिला भिवानी में 5, जिला जींद में 5 और जिला फतेहाबाद में एक कंपनी को तैनात किया गया है। इसके अलावा वहां लोकल पुलिस अलग से तैनात है।
एडीजीपी, आईजी ने किया दौरा
एडीजीपी लॉ एंड ऑर्डर और आईजी ने जिला हिसार और भिवानी का दौरा किया। दोनों जिलों में पुलिस अधीक्षकों, उप पुलिस अधीक्षकों, सभी थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को दिशा-निर्देश दिये व कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए की गई तैयारियों की समीक्षा की।