हिसार। शहर के जिन क्षेत्रों में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) का बुनियादी ढांचा तैयार हो चुका है वहां के सभी घरों के लिए अब पीएनजी कनेक्शन लेना अनिवार्य कर दिया गया है। सुरक्षा, ऊर्जा दक्षता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद ने शनिवार को इस संबंध में सार्वजनिक नोटिस जारी किया है।
हिसार में अब तक पीएनजी कनेक्शन के लक्ष्य का केवल 3 प्रतिशत ही पूरा किया जा सका है। अब तक शहर में कुल 1681 पीएनजी कनेक्शन ही दिए जा सके हैं। अमर उजाला ने 3 अप्रैल के अंक में इस विषय पर समाचार प्रकाशित किया था।
अतिरिक्त उपायुक्त ने सार्वजनिक नोटिस में स्पष्ट किया कि सेक्टर 9-11, सेक्टर-13, सेक्टर-15, सेक्टर 16-17, मॉडल टाउन एक्सटेंशन, अर्बन एस्टेट-II और पुलिस लाइन एरिया में गैस पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है। हरियाणा सिटी गैस कंपनी को 2018 में यह पीएनजी का कार्य सौंपा गया था और कंपनी ने 2022 में काम शुरू किया। 2030 तक कंपनी का लक्ष्य 2,51,370 घरों को पीएनजी कनेक्शन देना है। वहीं 31 मार्च 2026 तक कंपनी को 71,222 कनेक्शन जारी करने का लक्ष्य था लेकिन अब तक 1681 कनेक्शन ही दिए जा सके हैं।
अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद ने नोटिस में कहा कि इन क्षेत्रों के सभी गृहस्वामियों या कानूनी निवासियों को इस सूचना के जारी होने के 3 महीने के भीतर अधिकृत गैस एजेंसी से पीएनजी कनेक्शन लेना होगा। निर्धारित तीन महीने की अवधि समाप्त होने के बाद इन क्षेत्रों में एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति नियमों के अनुसार बंद की जा सकती है। उन्होंने बताया कि यह कदम सार्वजनिक सुरक्षा और आधुनिक ईंधन अपनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
जिले में एलपीजी के 5,26,857 उपभोक्ता
हिसार-हांसी जिले में 34 गैस एजेंसियों पर एलपीजी के कुल 5,26,857 घरेलू सिलिंडर उपभोक्ता हैं जबकि 3000 कॉमर्शियल सिलिंडर उपभोक्ता भी हैं। जिले में 8 मार्च के बाद से एलपीजी के नए कनेक्शन पर रोक है और फिलहाल पीएनजी के कनेक्शन दिए जा रहे हैं। कंपनी को रोजाना 50 नए आवेदन मिल रहे हैं लेकिन कंपनी प्रतिदिन केवल 3 से 4 कनेक्शन ही दे पा रही है।