हांसी। जिला सचिवालय परिसर में साेमवार को समाधान शिविर आयोजित किया गया। परिवार पहचान पत्र की आय ठीक करवाने, बुढ़ापा पेंशन बनवाने, बिजली का पोल लगवाने और गंदे पानी की निकासी सहित विभिन्न समस्याएं उठाई गईं।
तहसीलदार डॉ. अनिल कुमार बिढान ने नागरिकों की शिकायतें सुनकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर देना है। अधिकारी शिकायतों के निपटारे में लापरवाही न बरतें और लोगों को राहत पहुंचाने के लिए प्रभावी कदम उठाएं। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
शिविर में जीतपुरा गांव निवासी ओमप्रकाश ने परिवार पहचान पत्र में दर्ज वार्षिक आय ठीक करवाने की मांग रखी। गढ़ी गांव निवासी बिमला और मिर्जपुर निवासी युद्धवीर ने बुढ़ापा पेंशन बनवाने के लिए आवेदन दिया। डाटा गांव निवासी कमला ने बिजली का पोल लगवाने की मांग उठाई।
थुराना निवासी प्रदीप ने गांव के तालाब में गंदे पानी का प्रवेश रोकने और निकासी के उचित प्रबंध करवाने की शिकायत दी। उगालन निवासी संदीप ने गांव की सड़क की साफ-सफाई करवाने की मांग रखी। इसी गांव के जगदीप ने खेत में दूषित पानी घुसने से फसल को हो रहे नुकसान की समस्या बताते हुए पानी की निकासी की व्यवस्था करवाने का आग्रह किया।