नारनौंद। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को आयोजित युवा संसद प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने संसदीय कार्यप्रणाली का प्रभावी प्रदर्शन करते हुए सदन के भीतर लोकतंत्र की तस्वीर जीवंत कर दी। सत्ता पक्ष और विपक्ष की भूमिका निभा रहे विद्यार्थियों के बीच जनहित के मुद्दों पर तीखी बहस हुई। वैशाली और खुशबू लोहान को बेस्ट स्पीकर चुना गया।
युवा संसद में विद्यार्थियों ने सांसद, मंत्री और विपक्षी सदस्यों की भूमिका निभाते हुए विभिन्न बिल सदन में पेश किए और उन्हें पारित करवाया। विपक्ष ने सवालों और तर्कों के माध्यम से सरकार को घेरा। सदन में कभी सत्ता पक्ष के तर्क सुनाई दिए तो कभी विपक्ष के तीखे सवालों से माहौल गरमा गया। विद्यार्थियों ने जनहित से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दे उठाकर अपनी जागरूकता, विषय की समझ और अभिव्यक्ति क्षमता का परिचय दिया।
खंड शिक्षा अधिकारी जोगेंद्र मलिक ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि युवा संसद जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, लोकतांत्रिक सोच और अभिव्यक्ति का आत्मविश्वास विकसित करती हैं। इससे उन्हें संसदीय परंपराओं और लोकतांत्रिक व्यवस्था को करीब से समझने का अवसर मिलता है।
निर्णायक मंडल के सदस्य रजत बामल ने विद्यार्थियों को युवा संसद की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि युवा संसद केवल भाषण और अभिनय तक सीमित नहीं है बल्कि इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में लोकतंत्र, संसदीय मर्यादा, अनुशासन और जनहित के मुद्दों की समझ विकसित करना है।
प्राचार्य उमेद लोहान और डॉ. अजय लोहान ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। निर्णायक मंडल में रजत बामल, प्रवीण सैणी और डाइट से सीनियर हेड शक्तिदेव सिंह सिहाग सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।