हिसार। शहर के तीन प्रमुख औद्योगिक सेक्टरों में दमकल केंद्र का प्रावधान नहीं किया गया है जिससे दमकल विभाग के लिए आज इन क्षेत्रों में जमीन उपलब्ध कराना मुश्किल हो रहा है। फिलहाल सेक्टर 25 को विकसित करने की योजना है लेकिन यहां भी जमीन की उपलब्धता पर संशय बना हुआ है।
दिल्ली रोड पर स्थित पुराना औद्योगिक क्षेत्र वर्ष 1960 में विकसित किया गया था। इसे दो भागों में बनाया गया—एक में 4, 2 और 1 कनाल के 49 प्लॉट आवंटित किए गए जिसे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉलोनी कहा गया। दूसरे भाग में ए और बी टाइप के 44 शेड बनाए गए जिसे इंडस्ट्रियल एस्टेट कहा गया। यह नक्शे के अनुसार बसाया गया शहर का पहला औद्योगिक क्षेत्र था। सेक्टर 28-29 करीब 30 साल पहले विकसित किए गए जिनमें करीब 200 प्लॉट हैं और 60 प्रतिशत पर औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं।
दो नए दमकल केंद्र की योजना अधूरी
पिछले वर्ष दमकल विभाग ने शहर में दो नए दमकल केंद्र बनाने की योजना बनाई थी। इसके लिए जिला कार्यालय को मुख्यालय की तरफ से पत्र जारी किया गया। इसके अनुसार सेक्टर 14 और सेक्टर 27-28 में केंद्र बनाने थे। सेक्टर 14 में शिलान्यास भी हुआ, लेकिन सेक्टर 27-28 में जमीन उपलब्ध नहीं हो सकी। बाद में सेक्टर 14 की जमीन पर भी संशय उठ खड़ा हुआ।
औद्योगिक सेक्टरों में दमकल केंद्र की सबसे ज्यादा जरूरत है लेकिन आज तक यह सुविधा उपलब्ध नहीं करवाई गई। इस कारण उद्योगपतियों को हर साल काफी नुकसान झेलना पड़ रहा है।
देवेंद्र जैन, प्रधान, हिसार उद्योग संघ
हमने दमकल केंद्र के निर्माण को लेकर जमीन उपलब्ध करवाने के लिए एचएसआईआईडीसी (हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड) और एचएसवीपी (हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण) से पत्राचार किया है लेकिन अभी तक उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला।
सुरेश मान, जिला अग्निशमन अधिकारी