हिसार। उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने जिला खेल अधिकारी को महाबीर स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय स्वीमिंग पूल बनाने के लिए जल्द से जल्द प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जगह तय करने में लोक निर्माण विभाग के अधिकारी सहयोग करेंगे। उन्होंने बुधवार को राजस्व, लोक निर्माण व अन्य संबंधित विभाग के अधिकारियों/कर्मचारियों के साथ बैठक में प्रस्तावित निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
इस दौरान डीसी ने उकलाना, खेड़ी जालब, आदमपुर व बालसमंद तहसील में राजस्व विभाग के भवनों का एस्टीमेट बनाकर जल्द मुख्यालय भेजे जाने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी जगबीर सिंह को महाबीर स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्वीमिंग पुल के निर्माण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। लघु सचिवालय परिसर में बनाए जाने वाले नए प्रशासनिक भवन, पार्किंग स्थल, नगराधीश, जिला राजस्व अधिकारी के कार्यालयों की शाखाओं, शौचालयों का नवीनीकरण, लघु सचिवालय की चहारदीवारी, ईवीएम-वीवी पैट्स वेयर हाउस का निर्माण, हांसी में एसडीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार के रिहायशी भवनों के निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। इस मौके पर लोक निर्माण विभाग के अधीक्षक अभियंता हरपाल सिंह, कार्यकारी अभियंता अनिल नरवाल सहित अन्य मौजूद रहे।