हांसी। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में सोमवार को विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन, चरित्र निर्माण और कॅरिअर मार्गदर्शन के लिए संवादात्मक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मुख्य अतिथि एसडीएम राजेश खोथ और जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) महेंद्र सिंह श्योराण ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया।
एसडीएम ने युवाओं को रुचि के अनुसार लक्ष्य निर्धारण, नियमित अध्ययन, अनुशासन, ईमानदारी और शिक्षकों के सम्मान जैसे नैतिक मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया। डीईओ ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों से यह सीधा संवाद विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करता है।
कार्यक्रम के दौरान मेरे सपनों का भारत प्रकल्प के तहत आयोजित रंगोली, भाषण और पेंटिंग प्रतियोगिताओं का एसडीएम ने अवलोकन किया। संवाद सत्र में समसामयिक घटनाओं, भारतीय इतिहास, भूगोल, हरियाणा, खेल, विज्ञान और राष्ट्रीय व्यक्तित्वों पर विस्तार से चर्चा हुई।
प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अपनी जिज्ञासाएं शांत कीं। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार और प्राचार्य राजेश भड़ाना सहित कई शिक्षक उपस्थित रहे।