हिसार। जाट कॉलेज में 25 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर अंतर-महाविद्यालय नवाचार प्रतियोगिता आयोजित होगी। कार्यक्रम सुबह 9:30 बजे मुख्य सभागार में शुरू होगा, जिसमें जिले के विभिन्न कॉलेजों के विद्यार्थी अपनी रचनात्मक व उपयोगी अवधारणाएं प्रस्तुत करेंगे।
आयोजन का उद्देश्य युवाओं में वैज्ञानिक सोच, तार्किक विश्लेषण और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करना है। स्नातक व स्नातकोत्तर स्तर के विद्यार्थी तीन-सदस्यीय टीम बनाकर भाग ले सकेंगे, जबकि एक संस्थान से अधिकतम दो टीमों को अवसर मिलेगा। प्रतिभागियों को 10-12 स्लाइड की प्रस्तुति में समस्या, समाधान, विशिष्टता, व्यवहारिक योजना, अनुमानित लागत और सामाजिक या व्यावसायिक प्रभाव स्पष्ट करना होगा। प्रत्येक टीम को 10-15 मिनट मिलेंगे।
निर्णायक मंडल मौलिकता, उपयोगिता, व्यवहारिकता, प्रभाव और प्रस्तुति कौशल के आधार पर मूल्यांकन करेगा। विषयों में एआई व प्रौद्योगिकी, सतत विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक नवाचार, ग्रामीण मॉडल और स्टार्टअप योजनाएं शामिल हैं। पंजीकरण 23 फरवरी तक होगा अब तक 12 आवेदन मिल चुके हैं।