राजकीय महिला महाविद्यालय हिसार के इंटर्नशिप प्रकोष्ठ के कार्यक्रम में शामिल विद्यार्थी।
हिसार। राजकीय महिला महाविद्यालय के इंटर्नशिप प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित दो दिवसीय मार्गदर्शन कार्यक्रम शुक्रवार को संपन्न हो गसार। कार्यक्रम में छात्राओं को इंटर्नशिप प्रक्रिया और कॅरियर विकल्पों की जानकारी दी गई।।
कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सबीर सिंह सांगवान ने किया। उन्होंने कहा कि इंटर्नशिप शिक्षा और रोजगार के बीच सेतु का काम करती है और विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान व रोजगार कौशल के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इंटर्नशिप प्रकोष्ठ के समन्वयक प्रो. सतीश सिंगला ने विद्यार्थियों को गूगल फार्म के माध्यम से पंजीकरण, फैकल्टी प्रभारी एवं पर्यवेक्षक की भूमिका, रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों के बारे में मार्गदर्शन दिया।
डॉ. हर्षा ने ऑनलाइन इंटर्नशिप और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जबकि पीएनबी आरसेटी के प्रबंधक प्रदीप ने ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों के अवसरों तथा संबंधित दस्तावेजीकरण प्रक्रिया के बारे में बताया। कार्यक्रम में एमओयू और विशेषज्ञों की ओर से कार्यशालाओं और व्याख्यानों की जानकारी भी साझा की गई।
कंप्यूटर विज्ञान के सहप्राध्यापक विपिन बब्बर ने संचालन किया। इस अवसर पर डॉ. अनीता, डॉ. राकेश, डॉ. राकेश, डॉ. सुमन बंसल, डॉ. शशि कला यादव समेत विभिन्न कार्यक्रम प्रभारी एवं संकाय सदस्य मौजूद रहे।