हिसार। महाबीर स्टेडियम में सीखे मुक्कों के दांव-पेच अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर सोना बरसा रहे हैं। हिसार की मुक्केबाज गुंजन ने सेनेगल के डकार में आयोजित यूथ ओलंपिक गेम्स-2026 में अपने प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी अल्जीरिया की बेंसलाह बाउथाइना को 5-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया।
वीरवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में जीत के साथ गुंजन देश की झोली में पदक डाला तो पूरा स्टेडियम जन-गण-मन और इंडिया-इंडिया से गूंज उठा। इससे पहले सेमीफाइनल में ग्रेट ब्रिटेन की मुक्केबाज लिली बैसेट को 4-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। गुंजन की इस उपलब्धि के पीछे वर्षों का अभ्यास, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण रहा है।
गुंजन के पिता हरभगवान ने बताया कि महज 12 साल की उम्र में महाबीर स्टेडियम में बॉक्सिंग का अभ्यास शुरू किया था। शुरुआत के छह महीने के भीतर ही उन्हें फेडरेशन गेम्स में खेलने का मौका मिला। पहली राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर उन्होंने अपनी प्रतिभा दिखाई।
इसके बाद खरक पूनिया में पहली बार ओपन गेम्स में स्वर्ण पदक जीता। लिटानी में आयोजित ओपन गेम्स में भी गोल्ड हासिल किया। राष्ट्रीय स्तर पर अब तक वह छह स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं।
दिन में तीन बार अभ्यास करती थीं खिलाड़ी : गुंजन की ट्रेनिंग का अनुशासन उनकी सफलता की बड़ी वजह रहा। वह रोजाना तीन बार अभ्यास करती थीं। फुर्ती, सटीक पंच और बेहतर तकनीक उनकी ताकत बनी। खेल के साथ पढ़ाई पर भी ध्यान दिया। अब वह 12वीं कक्षा की परीक्षा देंगी।