हिसार। नया बस स्टैंड बनाने की मांग को लेकर रविवार को मिलगेट रोड स्थित जिंदल पार्क के पास नया बस अड्डा बनाओ संघर्ष समिति की ओर से अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया गया। धरने पर बैठे लोगों ने नारेबाजी कर नया बस स्टैंड बनाने की मांग उठाई। उनका कहना है कि नया बस अड्डा बनने से जहां एक ओर जाम से मुक्ति मिलेगी, वहीं लोगों के लिए रोजगार के साधन भी उपलब्ध होंगे।
इसलिए नया बस स्टैंड बनना जरूरी है। इसको लेकर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कमल गुप्ता से भी मिले थे। नया बस अड्डा बनाओ संघर्ष समिति के संयोजक सुनील शर्मा, पृथ्वी घिराया, ललित गोयल, नवदीप यादव, सुरेंद्र महता, अशोक शर्मा का कहना है कि लाहौरिया चौक से लेकर रायपुर चौक तक करीब एक लाख की आबादी है। यह पिछड़ा क्षेत्र माना जाता है। जबकि यहां कई दुकानें भी बनी हुई हैं, मगर इन दुकानों में ग्राहक नहीं आते हैं। यदि नया बस अड्डा बनता है तो पुरुषों के साथ महिलाओं को भी काम मिलेगा। धरने पर बैठे लोगों का कहना है कि रोजाना सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक धरना दिया जाएगा। अब दोबारा स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कमल गुप्ता से मिलेंगे और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। धरने पर पहले दिन 30 से ज्यादा लोग पहुंचे। उनका कहना है कि मिलगेट से काफी साधन भी है। ऐसे में बस स्टैंड तक पहुंचने में लोगों को कोई परेशानी नहीं होगी।