हिसार। महाराजा अग्रसेन मार्केट में शराब का ठेका खुलने के विरोध में अग्रसेन मार्केट एसोसिएशन ने वीरवार से अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया। एसोसिएशन ने मांग की है कि इस समस्या का समाधान तुरंत प्रभाव से किया जाए। साथ ही इस ठेके को किसी अन्य स्थान पर शिफ्ट किया जाए।
एसोसिएशन ने सुबह 11 बजे धरना शुरू किया। धरने में श्री गुरु जंभेश्वर पुस्तकालय में पढ़ने वाली छात्राएं भी धरने में शामिल हईं। उन्होंने मांग उठाई कि सरकार बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसे नारे दे रही है और दूसरी तरफ पुस्तकालयों के सामने इस तरह शराब का ठेका खुलवा रही है।
मार्केट प्रधान श्रीराम राजलीवाला ने कहा कि महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा के बिल्कुल पास ठेका खोलना अग्रवाल समाज की भावनाओं को भारी ठेस पहुंचाने जैसा है। भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष दलजीत सिंह पंघाल ने कहा कि यह ठेका खोलने का स्थान गलत है।सरकार इसे तुरंत दूसरी जगह शिफ्ट किया जाए।
श्री कृष्ण गोयल ने बताया कि इस मार्केट में 1000 साल पुराने कुएं पर आज भी महिलाएं जलवा पूजन करती हैं। हर महीने की छठ को मां बनभौरी का भंडारा लगता है। ऐसी पवित्र जगह ये कार्य अनुचित है।
धरने पर बैठे दुकानदारों ने बताया कि मार्केट का एक शिष्टमंडल मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, विधायक सावित्री जिंदल, मेयर प्रवीण पोपली, पूर्व मंत्री कमल गुप्ता व तमाम प्रशासनिक अधिकारियों को इस ठेके के खुलने से एक सप्ताह पूर्व ज्ञापन देकर सारी परिस्थितियों से अवगत करवाया गया था।
इसके बावजूद उनकी मांग पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस अवसर पर राजकुमार सिंगला, अखिल भारतीय बिश्नोई महासभा के वरिष्ठ उपप्रधान सुभाष देहड़ू, बिश्नोई सभा के अध्यक्ष जगदीश चंद्र कड़वासरा, ओमप्रकाश ज्यानी, रामनिवास सिहाग आदि मौजूद रहे।