नारनौंद। थाना क्षेत्र के गांव थुराना में पेट्रोल पंप पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत संदीप (28) पर जानलेवा हमला कर एक लाख रुपये लूटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कई युवकों ने लाठी, डंडों और रॉड से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। बाद में आरोपी मोबाइल फोन तोड़कर भाग गए। जिला नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन घायल की शिकायत पर पुलिस ने नौ नामजद और दो अज्ञात नकाबपोश आरोपियों के खिलाफ प्राथमिक दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी विजय कुमार के अनुसार, पीड़ित संदीप ने बताया कि वह अपने खेत में मकान की नींव का कार्य करवा रहे हैं। तीन जनवरी को वह खेत गए थे। शाम करीब छह बजे बाइक से घर लौटते समय गांव के रविदास मंदिर के पास रमेश, बिल्लू, हैप्पी और मनजीत ने उन्हें रोकने की कोशिश की। जान बचाने के लिए वह बाइक छोड़कर भागे लेकिन पीछे से आए मनोज, भानू, राजी, मोहित, साहिल और दो नकाबपोश युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने जेली, लाठियों और रॉड से उस पर हमला किया। इससे उसके सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं।
घायल का आरोप है कि कार ईंट-भट्ठे के भुगतान के लिए उनकी जेब में रखे एक लाख रुपये मनजीत ने निकाल लिए और मोबाइल फोन तोड़ दिया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते भाग गए।