हिसार। तलवंडी रुक्का में शनिवार रात 89 वर्षीय बुजुर्ग महावीर की तेजधार हथियारों से सिर, सीने व गले पर वार कर हत्या कर दी गई। बुजुर्ग घर के बाहर चबूतरे पर सो रहे थे। वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
रविवार को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी रावतखेड़ा निवासी लवकेश उर्फ आशीष को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी पक्ष की रंजिश इस बात को लेकर थी कि महावीर के पोते ने एक युवती के साथ अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था।
आजाद नगर थाना प्रभारी मनदीप चहल ने बताया कि बुजुर्ग के बेटे के बयान पर तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपी से आशीष से पूछताछ कर रहे हैं। तलवंडी रुक्का निवासी बलवान ने रिपोर्ट में बताया कि वह धारूहेड़ा में ट्रांसपोर्ट में नौकरी करता है। शुक्रवार को घर आया हुआ था। वह चार भाई और दो बहनें हैं।
उनके पिता महावीर छोटे भाई ओमप्रकाश के साथ रहते थे। 15 अगस्त की रात करीब दस बजे खाना खाकर वे मकान के आगे बने चबूतरे पर सोए थे। रात को गली में उनके चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। उसने छत से देखा कि तीन युवक तेजधार हथियारों से उसके पिता को चोटें मार रहे थे। वह भाकर नीचे आया तो हमलावर बाइक पर सवार होकर भाग गए। भाई ओमप्रकाश की पत्नी सुमन और भतीजा देवेंद्र भी वहां आ गए।
महाबीर के गले, सिर, सीने, हाथ व पैरों पर तेजधार हथियारों के कई निशान थे और खून निकल रहा था। उन्हें तत्काल जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।