फतेहाबाद। शहर में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के विरोध में अब व्यापारी खुलकर सामने आ गए हैं। दशहरे के दिन (बुधवार) सुबह 9 से 11 बजे तक बाजार बंद रखने का ऐलान पहले ही किया जा चुका है। अब इस आंदोलन को नगर परिषद पार्षदों और प्रदेश व्यापारी संगठनों का भी समर्थन मिल गया है। उन्होंने प्रशासन से दिवाली तक कार्रवाई को रोकने और शेड के लिए छूट की मांग की है।
मंगलवार को नगर परिषद कार्यालय में पार्षद मोहन लाल नारंग के नेतृत्व में बुलाई गई बैठक में 25 में से 14 पार्षद मौजूद रहे। उन्होंने दीपावली तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पर रोक लगाने और व्यापारियों को शेड (छज्जा) बनाने में छूट देने की मांग की। पार्षदों ने स्पष्ट किया कि वे अवैध कब्जों के खिलाफ हैं, लेकिन व्यापारियों को बिना पूर्व सूचना और समुचित योजना के नुकसान पहुंचाना उचित नहीं है।
बैठक में शामिल पार्षदों में राजकुमार, बंत सिंह, निलांशी, रवि, चंद्रभान बधवा, सुखदेव, अनिल गर्ग, सुरेंद्र, निर्मल सिवाच, गुरदीप, सुभाष, राधा और प्रतिनिधि किट्टू बजाज शामिल रहे। सभी ने मिलकर प्रशासन से तीन फीट तक शेड निर्माण की अनुमति देने और कार्रवाई से पहले व्यापारी संगठनों से संवाद स्थापित करने की मांग की।
प्रदेश व्यापारी संगठनों का भी समर्थन
हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल ने भी इस बंद को अपना समर्थन दिया है। मंडल के प्रदेश अध्यक्ष बजरंग दास गर्ग दशहरे के दिन होने वाले व्यापारियों के रोष मार्च में शामिल होंगे। वहीं, पगड़ी संभाल जट्टा संगठन ने भी व्यापारियों के आंदोलन को समर्थन देते हुए कहा कि छोटे व्यापारी ही श्रमिक वर्ग को रोजगार देते हैं, जबकि सरकार की यह कार्रवाई लोगों का रोजगार छीनने जैसा है। सोमवार को टोहाना में भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के विरोध में बाजार दोपहर 12 बजे तक बंद रहा था।