नारनौंद। गांव कागसर में वीरवार रात चोर परिवार को कमरे में बंद कर दो लाख रुपये, सोना-चांदी के गहने ले गए। आरोपियों ने कमरे के बाहर से कुंडी लगाकर अलमारी से सामान चुराया। परिवार को शुक्रवार सुबह घटना का पता चला।
मकान मालिक नूरदीन ने बताया कि वह चिनाई का काम करता है। वीरवार रात खाना खाकर परिवार के साथ सो गया। सुबह जब वह पत्नी नसीबन को उठाने गया तो देखा कि जिस कमरे में पत्नी, बेटी और पुत्रवधू सो रही थी, उस कमरे की कुंडी बाहर से बंद थी। यह देखकर उन्हें शक हुआ। इसके बाद वह दूसरे कमरे में गया, जहां अलमारी खुली पड़ी थी और सामान बिखरा पड़ा था। नूरदीन ने बताया कि चोर अलमारी से सोने की लॉकेट, गलसरी, अंगूठी, कुंडल, नोजपिन, नाथ, चांदी की पाजेब, चांदी का सिक्का, चांदी की अंगूठी, दो जोड़ी चुटकी के अलावा बेटे की शादी के लिए ब्याज पर लाए दो लाख रुपये ले गए।
जांच अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि चोरी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। सीन ऑफ क्राइम टीम ने मौका मुआयना किया। शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
-
खेड़ी जालब के राजकीय पशु चिकित्सालय से इनवर्टर-बैटरियां चोरी
नारनौंद। गांव खेड़ी जालब स्थित राजकीय पशु चिकित्सालय से इनवर्टर-बैटरियां चोरी हो गए। राजकीय पशु चिकित्सालय के प्रभारी डॉ. प्रदीप कुमार ने पुलिस को बताया कि 25 नवंबर की रात अस्पताल से इनवर्टर, दो बैटरियां, पानी का कैंपर, स्टील की कस्सी अज्ञात ले गया। अस्पताल के स्टाफ ने दो दिनों तक आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई पता नहीं चला। सूचना के बाद पुलिस चौकी खेड़ी चोपटा के हेड कांस्टेबल भूपेंद्र ने मौका मुआयना किया और शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की। संवाद