बास। गांव बास खुर्द में 25 वर्षीय विवाहिता किरण की बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि किरण के सिर और पैरों पर गंभीर चोट के निशान थे। पुलिस ने नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप जांच शुरू की। घटना के चार दिन बाद शनिवार को मृतका के भाई उत्तर प्रदेश के जिला देवरिया के बनकटा क्षेत्र के रहने वाले व्यास की शिकायत पर पुलिस ने दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है।
व्यास ने बताया कि करीब आठ महीने पहले उनकी बहन किरण की शादी बास खुर्द निवासी विकास से हुई थी। आरोप है कि दहेज के लिए विकास अक्सर किरण से मारपीट करता था। 26 नवंबर को विकास ने किरण के साथ मारपीट की, जिससे उनकी बहन की मौत हो गई। जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो शव मोर्चरी में रखा था। किरण के सिर व पैरों पर चोट के स्पष्ट निशान थे। जांच अधिकारी बलवान सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मामले के तथ्यों को स्पष्ट किया जाएगा। फिलहाल आरोपी के खिलाफ सबूत जुटाए जा रहे हैं।