हांसी। पेड़ से लटके मिले युवक के शव के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर मृतक के परिजनों व ग्रामीणों ने भाटला पुलिस चौकी पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करने के बाद ग्रामीण एसपी से मिलने के लिए पहुंचे। एसपी के न मिलने पर ग्रामीण सदर थाना प्रभारी से मिले।
आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर ग्रामीण मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे भाटला चौकी का घेराव करने पहुंचे। ग्रामीणों ने गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि चार दिन बीत जाने पर भी हत्यारोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीण व मृतक के परिजन एसपी से मिलने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर लघु सचिवालय पहुंचे। महिलाओं ने कहा कि चार दिन बीत जानें के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई। आरोपी गांव में अपने मकानों को ताला लगाकर फरार हैं। इस दौरान ग्रामीण एसपी से तो मुलाकात नहीं कर सके, लेकिन सदर थाना प्रभारी से मुलाकात की। सदर थाना प्रभारी मनदीप ने परिजनों व ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आनी बाकी है। रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस दौरान पूर्व सरपंच पुनीत, सोविन भाटला, बिट्टू भाटला, राजेंद्र, बंटी, पवन,रोहित, सिप्पी, विजय,मोनू, सोनू, संजय अमित बिट्टू व कर्ण सहित अन्य महिलाएं मौजूद थे।
बता दें कि भाटला गांव में 23 मार्च को 19 वर्षीय युवक सचिन का शव पेड़ पर लटका हुआ मिला था। मृतक युवक का एक लड़की से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। मृतक के परिजनों ने युवती के परिजनों पर हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाने का आरोप लगाया था। पुलिस ने मृतक के ताऊ राजेंद्र के बयान पर सज्जन, राजबीर, महावीर, रोहताश, दिलबाग, बजरंग, साहिल, दीपक व अनिल के खिलाफ हत्या व अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया था।