बरवाला में गोदाम पर खाद का रिकॉर्ड जांचती टीम।
बरवाला। अग्रोहा मार्ग स्थित एक खाद गोदाम पर सोमवार को मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम ने छापा मारा। इस दौरान अलग-अलग कंपनियों के सैकड़ों बैग उर्वरक गोदाम में मिले। खाद के स्टॉक रिकॉर्ड में अनियमितता पाई गई। वहीं, फर्म द्वारा अनिवार्य डिस्प्ले बोर्ड भी नहीं लगाया गया था। इस पर टीम ने फर्म संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की इंचार्ज सुनैना ने बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि अग्रोहा रोड स्थित ''फकीरचंद एंड संस'' गोदाम में भारी मात्रा में उर्वरक का अनियमित भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर टीम मौके पर पहुंची। फर्म के मैनेजर धीरज कुमार की उपस्थिति में खाद के बैग की गणना और रिकॉर्ड से मिलान किया गया। जांच में 12 बैग डीएपी और 4 बैग यूरिया अतिरिक्त पाए गए, जबकि स्टॉक रजिस्टर में इनका कोई उल्लेख नहीं था। टीम में कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. राजवीर सिंह, एपीपीओ अरुण कुमार और एएसआई सुरेंद्र शामिल रहे।
वहीं, किसान नेता नरेश भ्याण, धौला जेवरा ने आरोप लगाया कि कई विक्रेता खाद की कालाबाजारी कर रहे हैं। डिस्प्ले बोर्ड न होना इस आशंका को और गहरा करता है। कृषि विभाग ने अंकित बंसल के नाम नोटिस जारी किया है और गोदाम से लिए गए पांच सैंपल प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं।