हिसार। बरवाला शहर में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मृतक की पहचान संजय (36) निवासी वार्ड नंबर-8, बरवाला के रूप में हुई है। जिला नागरिक अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस के बाहर खड़े मृतक के परिजन अजय कुमार ने बताया कि 14 जनवरी को गांव में एक व्यक्ति की मृत्यु होने पर संजय श्मशान घाट गए थे। इसके बाद वह घर नहीं लौटे और लापता हो गए। परिजनों ने उनकी कई जगह तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
15 जनवरी को संजय का शव जींद रोड पर पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
मजदूरी करता था संजय
परिजनों के अनुसार संजय मजदूरी का काम करता था। उसके परिवार में मां, पत्नी, दो बेटे और एक बेटी हैं। इस मामले में जांच अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।