हिसार। परिवार पहचान पत्र को लेकर पिछले 45 दिन में 18 हजार से अधिक शिकायतें मिली हैं। जिसमें सबसे अधिक 8 हजार से अधिक शिकायत बीपीएल राशन कार्ड से संबंधित हैं। शिकायतों का दौर अब भी कम नहीं हो रहा। अतिरिक्त उपायुक्त नीरज ने परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) व बीपीएल कार्ड से संबंधित ऑनलाइन शिकायतों को लेकर ब्लॉक स्तर पर विभिन्न अधिकारियों की ड्यूटियां निर्धारित की हैं। वहीं अधिकारियों का दावा है कि एक सप्ताह में दस्तावेज सही मिलने पर समाधान किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बरवाला क्षेत्र में जोनल मैनेजर सुनील व नरेश कुमार खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में ड्यूटी देंगे। उकलाना के लिए जोनल मैनेजर रोशन, जोनल मैनेजर धर्मवीर, नारनौंद के लिए जोनल मैनेजर संदीप शर्मा, शक्ति सिंह, हांसी क्षेत्र के लिए जोनल मैनेजर सुनील कुमार, कुलदीप सिंह, हांसी द्वितीय में जोनल मैनेजर नवीन बामल खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय में ड्यूटी देंगे। इसके अलावा आदमपुर के लिए जोनल मैनेजर दिनेश कुमार, अग्रोहा के लिए जोनल मैनेजर मंदीप, नगर निगम हिसार क्षेत्र के लिए जोनल मैनेजर दिनेश सौर ऊर्जा कार्यालय, खंड हिसार प्रथम में जोनल मैनेजर गुरुमुख अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय के कमरा नंबर-10 और खंड हिसार द्वितीय के लिए जोनल मैनेजर संदीप कुमार अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय के कमरा नंबर-10 ने अपनी ड्यूटी देंगे।
जिला प्रशासन की ओर से हर स्तर पर शिकायतों का निपटारा किया जा रहा है। करीब 18 हजार शिकायत मिल चुकी हैं। इसमें अधिकतर का निपटारा किया जा चुका है। खंड स्तर पर समाधान के लिए भी अधिकारी उपलब्ध रहेंगे। - नीरज कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त, हिसार