हिसार। गृहमंत्री अनिल विज की जनपरिवाद समिति की 10 फरवरी को प्रस्तावित बैठक स्थगित हो गई है। दिन भर अधिकारी जनपरिवाद समिति में सुने जाने वाले परिवादों की रिपोर्ट तैयार करते रहे। देर शाम संदेश आया कि बैठक स्थगित कर दी गई है। गृहमंत्री अनिल विज ने पिछली बैठक में दो अधिकारियों को निलंबित करने के आदेश दिए थे। जिसमें कोई निलंबित नहीं हुआ। जिस कोलोनाइजर को 13 जनवरी को ही थाने में लाने के आदेश दिए गए थे वह भी आज तक पूरे नहीं हुए। पिछले वर्ष नवंबर माह में गृहमंत्री अनिल विज को हिसार की जनपरिवाद समिति की बैठक का चेयरमैन नियुक्त किया गया था। जिसके बाद दिसंबर माह में पहली बैठक तय की गई थी। जिसे बैठक के पहले दिन स्थगित कर दिया गया था। 13 जनवरी को गृहमंत्री अनिल विज ने पहली बार जन परिवाद समिति की बैठक ली थी। जिसमें उन्होंने दो अधिकारियों हांसी के नायब तहसीलदार जयबीर व हिसार को-ऑपरेटिव सोसायटी के असिस्टेंट रजिस्ट्रार को निलंबित करने के आदेश दिए थे।
इन दोनों अधिकारियों को आज तक निलंबित नहीं किया जा सका। गृहमंत्री अनिल विज ने आदेश दिए थे कि मारवल सोसायटी के कोलोनाइजर को 13 जनवरी शाम तक थाने में लाओ। उसे भी आज तक थाने नहीं लाया जा सका। किरोड़ी गांव में फसल जलाने के आरोपियों की गिरफ्तारी भी आज तक नहीं हो सकी है। गृहमंत्री ने इन चार आदेशों पर तालियां बजी थी। जिसमें एक भी पूरा नहीं हो पाया।
इस बार की बैठक के लिए एजेंडा जारी किया गया था। जिसमें 8 पुरानी तथा 4 नई शिकायत रखी गई थी। बैठक में सभी विभागों के जूनियर से लेकर सीनियर तक सभी अधिकारियों को पहुंचने के निर्देश दिए थे।