पीएलए मार्केट की पार्किंग में अतिक्रमण हटाते जेसीबी ।
हिसार। पीएलए मार्केट की पार्किंग में अवैध रूप से लगाई जा रही रेहड़ियों के खिलाफ हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने वीरवार को विशेष अभियान चलाया। करीब तीन घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान टीम ने आठ रेहड़ियां और अन्य सामान जब्त किया।
एसडीओ रामप्रसाद के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ दस्ता जेसीबी और दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ पीएलए मार्केट पहुंचा। पार्किंग क्षेत्र में अवैध रूप से खड़ी रेहड़ियों को हटवाया गया। एसडीओ ने बताया कि इस संबंध में सीएम विंडो और जनसंवाद पोर्टल पर लगातार शिकायतें मिल रही थीं जिसके चलते विशेष अभियान चलाया गया।
उन्होंने बताया कि पार्किंग क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होने से वाहन सड़क पर खड़े किए जा रहे थे जिससे जाम की स्थिति बन रही थी। अभियान के दौरान एक तंदूर को जेसीबी से हटाकर तोड़ा गया।
शाम को टीम ने रेड स्क्वायर और ग्रीन स्क्वायर मार्केट में भी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। दुकानदारों और रेहड़ी चालकों को दो दिन के भीतर स्थान खाली करने की चेतावनी दी गई। एचएसवीपी ने स्पष्ट किया कि 30 जून को इन क्षेत्रों में दोबारा अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
सेक्टरों में भी चलेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान
एचएसवीपी ने जुलाई माह का अभियान कार्यक्रम जारी किया है। इसके तहत 2 जुलाई को फतेहाबाद, 3 जुलाई को भट्टू, 7 जुलाई को सेक्टर-5, 6 व 6 पार्ट-दो, 9 जुलाई को टोहाना, 14 व 15 जुलाई को सेक्टर-16 और 17, 21 व 22 जुलाई को सेक्टर-13 व 13-पी तथा 23 व 24 जुलाई को सेक्टर-15 और डिफेंस कॉलोनी में अतिक्रमण हटाया जाएगा।