हिसार। नगर निगम की तहबाजारी टीम ने बुधवार को निरंकारी भवन रोड से एक दुकान के बाहर लगे अवैध शेड को हटवाया। टीम ने बाकी दुकानदारों को शेड हटाने के लिए एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया। इस रोड पर 50 से ज्यादा दुकानदारों ने दुकानों के आगे शेड बनाकर अतिक्रमण किया हुआ है।
नगर निगम की तहबाजारी टीम ने बुधवार को निरंकारी भवन रोड पहुंची। किसी व्यक्ति ने शिकायत की हुई थी कि एक दुकानदार ने दुकान के आगे अवैध रूप से शेड लगाकर अतिक्रमण किया हुआ है। टीम के मौके पर पहुंचने पर दुकानदार ने खुद ही शेड हटाना शुरू कर दिया। वहीं टीम ने रोड के बाकी दुकानदारों को भी अपने-अपने शेड हटाने के निर्देश दिए।
कई बाजारों में निरीक्षण कर अतिक्रमण हटवाया :
कार्यालय सहायक सुरेंद्र वर्मा ने कहा कि एक सप्ताह में दुकानदार शेड हटा लें अन्यथा निगम इन शेड को हटाने का कार्य करेगा। इसके अलावा टीम ने बस स्टैंड के पास से एक रेहड़ी को भी जब्त किया। सुरेन्द्र वर्मा ने बताया कि निरंकारी भवन रोड के अलावा टीम ने बस स्टैंड के आसपास, तलाकी गेट, ऋषि नगर, रेलवे रोड और राजगुरु मार्केट सहित कई व्यस्त बाजार क्षेत्रों में भी निरीक्षण कर अतिक्रमण हटाया।