मनी ट्रांसफर सेंटर पर वारदात के बाद मौके पर जांच करती पुलिस टीम।
- फोटो : Hisar
बरवाला। शहर के मुख्य मार्ग पर एसबीआई बैंक के सामने स्थित मनी ट्रांसफर सेंटर पर देर शाम करीब पौने आठ बजे बाइक सवार तीन नकाबपोश लूट की नीयत से आए। इस दौरान महिला ने साहस दिखाया तो लुटेरे वारदात में असफल रहे। इसके बाद आरोपी सेंटर की संचालिका राजरानी के पेट में गोली मारकर फरार हो गए। घायल महिला को उपचार के लिए हिसार के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, सूचना मिलने पर डीएसपी रोहतास सिहाग, थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखजीत सिंह, चौकी प्रभारी अशोक जाखड़ मौके पर पहुंचे व जरूरी जानकारी जुटाई।
पुलिस ने सेंटर के आसपास के एरिया के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। वहीं मौके से गोली का खोल बरामद हुआ है। मनी ट्रांसफर सेंटर के दूसरे संचालक विपिन ने बताया कि देर शाम करीबन पौने आठ बजे वह सेंटर पर बैठे थे, उनके साथ पड़ोसी सोनू भी था। इस दौरान वह कैश की गिनती कर रहे थे। तभी एक नकाबपोश युवक पिस्तौल लेकर सेंटर में दाखिल हुआ। विपिन को मामला समझते देर नही लगी, उसने तुरंत केबिन का गेट बंद कर दिया। कैश हाथ न लगता देख बदमाश ने केबिन के शीशे में से हाथ डालकर पिस्तौल से एक फायर कर दिया, गोली सेंटर संचालिका के पेट में लगी। विपिन ने बताया कि बदमाश तीन थे, दो युवक बाइक पर ही बैठे रहे। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश टोहाना मार्ग की तरफ फरार हो गए। पुलिस ने नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।