हिसार। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने पांच हजार रुपये से अधिक बिजली बिल बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने के आदेश जारी किए हैं। हिसार शहर में ऐसे तीन हजार से अधिक उपभोक्ता चिन्हित किए गए हैं। इनके खिलाफ जल्द कार्रवाई शुरू होगी।
अधीक्षक अभियंता (एसई) अविनाश यादव ने सभी उपमंडल अधिकारियों को बकाया बिलों की वसूली तेज करने के निर्देश दिए हैं। संबंधित सब डिविजन ने बकायेदार उपभोक्ताओं की सूची तैयार कर ली है। वसूली अभियान के लिए सब डिविजन स्तर पर विशेष टीमें भी गठित की गई हैं।
ये टीमें उपभोक्ताओं के परिसरों पर पहुंचकर बकाया बिलों की जांच करेंगी। भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन मौके पर ही काटे जाएंगे। निगम ने स्पष्ट किया है कि पांच हजार रुपये से अधिक बकाया रखने और लगातार भुगतान में आनाकानी करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी।
बिजली निगम का इस समय राजस्व वसूली पर विशेष जोर है। लंबे समय से बिलों का भुगतान नहीं होने के कारण बकाया राशि बढ़ रही है। अधिकारियों का मानना है कि समय पर कार्रवाई नहीं होने से वसूली का आंकड़ा और बढ़ सकता है। इसी कारण निगम ने विशेष अभियान चलाने का फैसला लिया है।
दो से चार बार बिल नहीं भरने वाले राडार पर
जिन उपभोक्ताओं के खिलाफ यह अभियान शुरू किया गया है उनमें किसी ने दो बार तो किसी ने चार बार भी बिल नहीं भरा है। यही उपभोक्ता बिजली अधिकारियों की राडार पर है। अधीक्षक अभियंता के आदेश मिलने के साथ ही सब डिविजन स्तर पर काम भी शुरू कर दिया गया है। अब तक 187 कनेक्शन काट दिए गए हैं। सबसे ज्यादा सिटी सब डिविजन और सेक्टर 1-4 सब डिविजन एरिया में कनेक्शन काटे गए हैं। 187 कनेक्शन काटने के बाद इन उपभोक्ताओं से 15 लाख रुपये से ज्यादा बकाया की रिकवरी भी की गई है।
दो बिलिंग साइकिल में उपभोक्ता तक पहुंचते हैं बिल
शहर में घरेलू उपभोक्ताओं को दो महीने जबकि कॉमर्शियल उपभोक्ताओं को हर महीने बिजली बिल जारी किए जाते हैं। दो बिलिंग साइकिल में उपभोक्ताओं तक बिल पहुंचते हैं। आधे उपभोक्ताओं को 1 से 15 तारीख जबकि बाकी उपभोक्ताओं को 15 से 30 तारीख तक का समय बिल भरने के लिए मिलता है। उदाहरण के तौर पर सिविल लाइन सब डिविजन में पहले बिलिंग साइकिल में 20 हजार जबकि दूसरे साइकिल में साढ़े 14 हजार उपभोक्ताओं को बिल भेजे जाते हैं।
प्रबंध निदेशक भी दे चुके रिकवरी के आदेश
डीएचबीवीएन के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह भी अधिकारियों को रिकवरी पर फोकस करने के निर्देश दे चुके हैं। ऑपरेशनल कार्यालयों के मुखिया अधिकारियों से हर महीने रिकवरी की रिपोर्ट ली जा रही है। दो दिन पहले ही खुद एसई अविनाश यादव ने सभी सब डिविजन कार्यालयों में जाकर बैठकें लेकर रिकवरी के काम में तेजी लाने के आदेश दिए थे।
-
अब तक सब डिविजन अनुसार काटे गए कनेक्शन
सिटी सब डिविजन - 53
सेक्टर 1-4 सब डिविजन - 51
मॉडल टाउन सब डिविजन - 45
सिविल लाइन सब डिविजन - 38
पांच हजार से ज्यादा बकाया बिजली बिलों वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें ऐसे उपभोक्ता भी हैं जो दो से चार बार तक भी बिल नहीं भर रहे हैं। सब डिविजन स्तर पर टीमें रिकवरी कार्य में लगी हुई हैं।
- रविंद्र सिंह, एक्सईएन, डिविजन नंबर एक, बिजली निगम