नगर निगम अधिकारियों के साथ बैठक करते मेयर प्रवीण पोपली व निगमायुक्त नीरज।
हिसार। शहर में अगर किसी भवन में पार्किंग के लिए सुनिश्चित जगह पर व्यावसायिक गतिविधि संचालित मिली तो नगर निगम भवन मालिक के खिलाफ कार्रवाई करेगा। निगम प्रशासन ने भवन मालिकों को हिदायत दी है कि पार्किंग के लिए निर्धारित जगह पर पार्किंग करवाना ही सुनिश्चित किया जाए।
बुधवार को नगर निगम के सभागार में निगम अधिकारियों ने नक्शा नवीस एसोसिएशन के साथ बैठक की। इस बैठक में मेयर प्रवीण पोपली ने कहा कि शहर में भवनों का निर्माण नियमानुसार हो, इसके लिए नक्शा नवीस का सहयोग जरूरी है। जिस तरह एचएसवीपी में भवनों का निर्माण का नियमानुसार किया जाता है। ठीक उसी तरह नगर निगम की तरफ से नक्शा पास भवन नक्शे के अनुरूप ही बने। उसमें किसी तरह का अवैध निर्माण कार्य न हो, इसके लिए नक्शा नवीस अपना सहयोग दे।
उन्होंने कहा कि जब कोई नागरिक आपके पास नक्शा बनाने और नक्शा पास करवाने के लिए आवेदन करवाने आए तो उसे भवन निर्माण के बारे में पूर्ण जानकारी दें ताकि भवन निर्माण में किसी प्रकार नियमों का उल्लंघन न हो। उन्हें बताया कि भवन निर्माण के बाद ऑक्यूपेशन सर्टिफिकेट लेना भी आवश्यक है ताकि भवन मालिक को भविष्य में किसी को कोई परेशानी न हो।
-
बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई
निगमायुक्त नीरज ने कहा कि सभी नक्शा नवीस भवन निर्माण की शुरुआत से लेकर बनने तक की पूर्ण जानकारी दे ताकि भवन निर्माण में नियमों उल्लंघन न हो। इस सूचना के मिलने के बाद निगम प्रशासन भवन निर्माण की आखिर तक निगरानी करेगा। उन्होंने कहा कि नक्शे संबंधित कार्य के लिए अगर कोई अधिकारी या कर्मचारी बाधा उत्पन्न करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।