फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

HTET की फाइनल आंसर-की और बायोमेट्रिक सूची जारी: परिणाम का रास्ता साफ, 1973 अभ्यर्थियों को अयोग्य घोषित

Thu, 06 Aug 2026 09:58 AM IST
Naveen संवाद न्यूज एजेंसी, हिसार (हरियाणा)

सार

बोर्ड ने बायोमेट्रिक सूची भी सार्वजनिक की है। जिन अभ्यर्थियों के बायोमेट्रिक सत्यापन से जुड़े मामले लंबित हैं, उन्हें सूची में अपना विवरण जांचने की सलाह दी गई है, ताकि आवश्यकता होने पर आगे की प्रक्रिया पूरी की जा सके।
विज्ञापन
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (बीईएसएच) ने 4 और 5 जुलाई को आयोजित हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट)-2025 के तीनों स्तर (पीआरटी, टीजीटी और पीजीटी) की फाइनल आंसर-की तथा बायोमेट्रिक सूची जारी कर दी है। 10 से 12 अगस्त तक सभी जिलों में बनाए गए सेंटरों में बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा। अभ्यर्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट से अपने स्तर की फाइनल आंसर-की डाउनलोड करने के साथ-साथ बायोमेट्रिक सूची भी देख सकते हैं।

विज्ञापन


फाइनल आंसर-की जारी होने के बाद अब परीक्षा परिणाम घोषित किए जाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। शिक्षा बोर्ड चेयरमैन शंकर धूपड़ के अनुसार बोर्ड ने ओएमआर शीट में दिए बिंदु नंबर 6 के अनुसार उत्तर पुस्तिका में 20 प्रश्नों के उत्तर खाली छोड़ने वाले 1973 अभ्यर्थियों को अयोग्य घोषित कर दिया है। इसमें लेवल एक-1 के 450, लेवल -2 के 828 और लेवल-3 के 695 अभ्यर्थी शामिल हैं। 

इस वर्ष एचटेट के लिए तीनों स्तरों में कुल 2,33,294 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 1,93,637 ने परीक्षा दी थी। जबकि लगभग 39,657 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे थे। परीक्षा 4 और 5 जुलाई को विभिन्न जिलों के परीक्षा केंद्रों पर कड़े सुरक्षा प्रबंधों और बायोमेट्रिक सत्यापन के साथ आयोजित हुई थी। बोर्ड ने परीक्षा के बाद 6 जुलाई को प्रोविजनल आंसर-की जारी की थी, ताकि अभ्यर्थी अपने उत्तरों का मिलान कर सकें।
विज्ञापन


प्रोविजनल आंसर-की जारी होने के बाद बोर्ड ने 6 जुलाई से 9 जुलाई (शाम 5 बजे) तक ऑनलाइन आपत्तियां मांगी थीं। प्रत्येक प्रश्न पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 100 रुपये प्रति प्रश्न शुल्क निर्धारित किया गया था। बोर्ड ने स्पष्ट किया था कि यदि किसी अभ्यर्थी की आपत्ति सही पाई जाती है तो संबंधित शुल्क वापस किया जाएगा, जबकि अस्वीकार की गई आपत्तियों का शुल्क वापस नहीं होगा।

आपत्ति अवधि के दौरान विभिन्न विषयों के कई प्रश्नों के उत्तरों को लेकर अभ्यर्थियों ने आपत्तियां दर्ज कराई थीं। विशेषज्ञ समिति ने सभी आपत्तियों की जांच के बाद आवश्यक संशोधन करते हुए फाइनल आंसर-की तैयार की है। इसी आधार पर अब परीक्षा परिणाम तैयार किया जाएगा।

बोर्ड ने इसके साथ ही बायोमेट्रिक सूची भी सार्वजनिक की है। जिन अभ्यर्थियों के बायोमेट्रिक सत्यापन से जुड़े मामले लंबित हैं, उन्हें सूची में अपना विवरण जांचने की सलाह दी गई है, ताकि आवश्यकता होने पर आगे की प्रक्रिया पूरी की जा सके।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें