हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (तदर्थ) के प्रदेशाध्यक्ष जगदीश झींडा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सोमवार को सांसद डॉ. अशोक तंवर को ज्ञापन सौंपा।
इसमें मांग की गई कि पार्टी के घोषणा-पत्र में किए गए अलग कमेटी के वादे को अब जल्द पूरा कर दिया जाए। सांसद ने कहा कि सरकार इस मांग को लेकर काफी संजीदा है।
सांसद के बुलावे पर सोमवार को एचएसजीपीसी के कार्यकर्ता प्रदेशाध्यक्ष जगदीश झींडा के नेतृत्व में सांसद अशोक तंवर से मिले और अलग कमेटी के संबंध में उनसे विचार-विमर्श किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव नजदीक हैं, ऐसे में कांग्रेस सरकार को चाहिए कि वह अपने घोषणा-पत्र में किए गए अलग कमेटी के वादे को जल्द पूरा करे।
इस पर सांसद ने कहा कि अलग कमेटी के बारे में उनकी मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से बातचीत हुई है, सरकार इस मांग पर संजीदा है। यह वाजिब मांग है। कांग्रेस ने भी अपने घोषणा पत्र में यह मांग पूरी करने का जिक्र किया हुआ है। यह पूरे सिख समुदाय को धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक तौर पर सशक्त करने का जरिया भी है। संसद का सत्र फिलहाल जारी है। इस बारे में वे प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह, यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी से भी मिलेंगे।
इस अवसर पर जगदीश झींडा ने बताया कि सांसद ने उन्हें आश्वासन दिया है कि इस मसले को सोनिया गांधी और राहुल गांधी के सामने उठाएंगे। उन्हाेंने कहा कि अब चुनाव से पहले अलग कमेटी बननी चाहिए। दो बार कांग्र्रेस ने अपने घोषणा-पत्र में इसका जिक्र भी किया है और हरियाणा का सिख तभी संतुष्ट होगा जब लोकसभा चुनावों से पहले अलग कमेटी बन जाती है।