हिसार। बीएंडआर ने दिल्ली रोड के पुनर्निर्माण को लेकर संशोधित एस्टीमेट मंजूरी के लिए मुख्यालय भेज दिया है। वहां से इंजीनियर इन चीफ की मंजूरी मिलने के बाद ही काम शुरू हो सकेगा। चूंकि अभी दिन का तापमान रोड बनाने के अनुकूल नहीं है तो संभावना है कि फरवरी के आखिर में यह काम शुरू होगा।
बता दें कि पृथ्वीराज चौहान चौक से सिरसा चुंगी तक करीब 11 किलोमीटर लंबे इस रोड को बनाया जाएगा। हालांकि इसमें फव्वारा चौक से तुलसी चौक वाला हिस्सा पहले बन चुका है तो इसे नहीं बनाया जाएगा।
बीएंडआर की तरफ से इस रोड के पुनर्निर्माण का टेंडर अलॉट कर दिया गया था। सिर्फ एजेंसी को काम शुरू करना था। मगर एजेंसी ने यह कहते हुए काम शुरू करने के मना कर दिया कि एस्टीमेट में 30 मिमी की बिटुमिन लेयर का प्रावधान है, जो रोड की हालत को देखते हुए काफी कम है। इतनी लेयर में यह रोड ज्यादा दिन नहीं टिक सकेगा और इसका नुकसान उसे ही उठाना पड़ेगा। एजेंसी ने मांग की कि इसमें बिटुमिन की लेयर 30 के बजाय 40 मिमी का प्रावधान किया जाए। इस पर अधिकारियों को इस एस्टीमेट को संशोधित करना पड़ा। इसके अलावा फव्वारा चौक से तुलसी चौक वाले हिस्से में भी 40 मिमी की बिटुमिन लेयर बिछाई गई थी। इस लेवर को रखने के लिए इस हिस्से में भी इतनी ही मोटी लेयर डालनी पड़ेगी।
एक्सईएन के सस्पेंड होने से लटक गया था एस्टीमेट
इसी बीच एक्सईएन व एसडीओ भी एक मामले में सस्पेंड हो गए, जिस कारण से इस एस्टीमेट को संशोधित करने में समय लग गया। अब आए नई एक्सईएन ने यह संशोधित एस्टीमेट तैयार करवाकर इसे मंजूरी के लिए मुख्यालय भिजवाया है।
जगह-जगह हो रखे हैं गड्ढे
फिलहाल इस रोड पर जगह-जगह गड्ढे हो रखे हैं। इस कारण से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि पिछले दिनों विभाग ने इस रोड पर पैचवर्क करवाए थे। उधर अभी भी इस रोड के किनारे बने बरसाती नाले से पानी ओवरफ्लो होने का मामला सुलझ नहीं रहा है। अगर नया रोड बनने के बाद भी ये नाला इसी तरह से ओवरफ्लो होगा तो नया रोड भी जल्द ही टूट जाएगा।
रोड का संशोधित एस्टीमेट बनाकर भेज दिया है। मंजूरी मिलने व तापमान अनुकूल होते ही रोड निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। - अजीत सिंह, एसई, बीएंडआर, हिसार।