हिसार। नहर में नहाने गए वेल्डिंग मैकेनिक का शव मंगलवार दोपहर को नहर में मिला। परिजनों ने मृतक के शरीर पर चोट के निशान देखने के बाद हत्या की आशंका जताते हुए नागरिक अस्पताल में हंगामा किया। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज भेजने लगी तो परिजन एंबलुेंस के सामने अड़ गए।
विरोध करते हुए बोले कि नागरिक अस्पताल में ही पोस्टमार्टम करवाया जाए। पुलिसकर्मियों ने कहा कि चिकित्सक उपलब्ध न होने के चलते यहां पोस्टमार्टम संभव नहीं हैं। पुलिस ने सुरक्षा घेरा बनाकर एंबुलेंस को अग्रोहा के लिए रवाना कर दिया। परिजनों काे रोकने के लिए गेट बंद कर दिया। इसके बाद परिजन नागरिक अस्पताल में ही धरने दे दिया और रात को भी वहीं डटे रहे।
मृतक के भाई गोपाल ने बताया कि 27 वर्षीय हनी सिंह मूल रूप से सिरसा के चत्तरगढ़ पट्टी का रहने वाला था। हनी 4 महीने से अपनी बुआ के पास रहने के लिए आया हुआ था। वह बुआ के बेटे मोनू के साथ वेल्डिंग का काम करता था। सोमवार को कोई काम न मिलने पर हनी अपने दोस्त सागर और अन्य के साथ दोपहर 3 बजे साउथ बाईपास पर लाडवा माइनर में नहाने के लिए गया था। सागर और उसके दो दोस्त माइनर में नहा रहे थे। हनी माइनर की पटरी पर कपड़ों की देखभाल कर रहा था। कुछ देर के बाद जब तीनों वापस आए तो हनी उन्हें वहां पर नहीं मिला। यह देखकर माइनर के आसपास के एरिया में उसकी तलाश की लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला।
नहर की पटरी पर चलते हुए कुछ दूरी पर पहुंचे तो वहां पर कुछ युवक शराब पी रहे थे। जब भी वहां से आगे जाने लगे शराब पी रही युवकों ने उन्हें रोक लिया। धमकी देते हुए कहा कि आगे गए तो जान से मार देंगे। हनी का पहना हुआ अंडरवियर भी पड़ा हुआ था। युवकों की तरफ से जान से मारने की धमकी देने पर हनी के दोस्त वापस आ गए और उनके परिवार वालों को बताया। इसके बाद परिजनों ने डायल 112 को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर सर्च ऑपरेशन चलाया मगर नहर के पास युवक नहीं मिला। मौके से बाइक मिली। नंबर ट्रेस किया तो युवक लाडवा गांव का निकला। पुलिस ने दोनों पक्षों को सोमवार शाम को सदर थाने में बुलाया। हनी के परिजन सदर थाना पहुंच गए, लेकिन दूसरे पक्ष के कोई भी सदर थाना में नहीं पहुंचा।
गोताखोर ने खोजा शव
पुलिस ने मंगलवार काे गोताखोर को बुलाकर नहर में सर्च ऑपरेशन चलाया। लाडवा गांव के पास नहर में हनी का शव बरामद हुआ। परिजनों ने बताया कि हनी के मुंह और पैर पर चोट के निशान थे। परिजनों ने कहा अगर पुलिस ने सोमवार को ही जांच अभियान चलाया होता तो हनी को बचाया जा सकता था। परिजनों ने हनी की हत्या का केस दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
सोमवार को आधी रात तक दिया धरना
सोमवार देर शाम हनी के परिजन सदर थाना में पहुंचे थे। परिजनों की सुनवाई नहीं हुई तो उन्होंने सदर थाना परिसर में ही धरना दिया। रात करीब 12 बजे बाद पुलिस ने परिजनों को बाहर निकाल कर थाने का गेट बंद कर दिया। इसके बाद परिजन वापस चले गए। मंगलवार सुबह फिर से थाने में पहुंचे।
हनी के लापता होने की शिकायत मिली थी। जिसके बाद पुलिस ने गुमशदगी में केस दर्ज किया था। आज सर्च अभियान चलाकर नहर से शव को निकाला गया। परिजनों की ओर से अभी बयान नहीं दिए गए है। इस कारण पोस्टमार्टम नहीं कराया जा सका।
- एसआई राजेश, कार्यकारी एसएचओ, सदर थाना हिसार।