हिसार में मिल गेट रोड के निर्माण में हो रही देरी के विरोध में हिसार संघर्ष समिति का धरना रविवार को 7वें दिन भी जारी रहा। वहीं आमरण अनशन पर बैठै समिति प्रधान जितेंद्र श्योराण की रविवार दोपहर को हालत बिगड़ गई। सूचना पाकर स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और उन्हें तुरंत नागरिक अस्पताल में ले जाया गया, जहां उनके स्वास्थ्य की जांच की जा रही है।
रविवार को बच्चे भी धरना स्थल पर पहुंचे और रोड का निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू करने की मांग की। इस अवसर पर जितेंद्र श्योराण ने कहा कि इस रोड का निर्माण न होने से हर वर्ग परेशान है। मगर सरकार इसे गंभीरता से नहीं ले रही है। उनका आमरण अनशन तब तक जारी रहेगा, जब तक रोड का निर्माण शुरू नहीं होता। उधर मिल गेट संघर्ष समिति का धरना भी रविवार को 12वें दिन में प्रवेश कर गया। समिति संयोजक सुनील शर्मा ने कहा कि सरकार व प्रशासन को जगाने के लिए समिति 11 मई से क्रमिक अनशन शुरू करेगी।
जजपा हिसार हलकाध्यक्ष के दावे हुए फेल
उधर जजपा हिसार हलकाध्यक्ष रवि आहुजा के दावे भी फेल साबित हुए। उन्होंने दावा किया था कि पिछले सप्ताह रोड का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। मगर अभी तक रोड का निर्माण कार्य शुरू होना तो दूर की बात, अभी तक एजेंसी को वर्क ऑर्डर ही अलॉट नहीं हुआ है। बिना वर्क ऑर्डर के एजेंसी कैसे काम शुरू करेगी।
समस्याओं का समाधान न होने पर सेक्टरवासियों ने निकाला विरोध जुलूस
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की तरफ से सेक्टर 1-4 के लोगों की लंबित मांगों के प्रति लगातार नकारात्मक रवैया अपनाए जाने के कारण बढ़ रहीं समस्यायों को लेकर रविवार को सेक्टरववासियों ने विरोध जुलूस निकाला। सेक्टर 1-4 वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान दीपक सूरा की अगुवाई में रायपुर रोड रेलवे फाटक से शुरु हुई रैली सेक्टर 4 व 1 की सड़कों से होकर सेक्टर के चौक पर स्थित धरना स्थल पर सम्पन्न हुई। इस दौरान सेक्टरवासियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। उधर मूलभूत नागरिक सुविधाओं की मांग को लेकर सेक्टर 1-4 में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना आज सात दिन हो गए हैं। इसके अलावा सभी सेक्टरों की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन व जन संगठनों की बैठक बुलाई गई, जिसकी अध्यक्षता हरियाणा स्टेट हुडा सेक्टर्स कन्फेडरेशन के प्रदेश संयोजक यशवीर मलिक ने की। बैठक में तय किया है कि सात दिन बीत जाने पर भी कोई सुनवाई न होने पर अब आंदोलन को अगले चरण में ले जाया जाएगा। इसके लिए हिसार के सभी सेक्टरों के रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान व सचिवों की एक संयुक्त कमेटी बनाई गई है, जो आंदोलन को व्यापक बनाने की रूपरेखा तय करेगी। इस दौरान 11 मई को एचएसवीपी कार्यालय का घेराव करने का फैसला भी किया गया।