हिसार। जूनियर विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन 1 से 6 अगस्त तक काली (कोलंबिया) में किया जाएगा। इसके लिए एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) की ओर से चयनित 33 भारतीय खिलाड़ियों में से 7 एथलीट हरियाणा के हैं। एथलेटिक्स हरियाणा के महासचिव राजकुमार मिटान ने बताया कि इन सात खिलाड़ियों मेें से दो खिलाड़ी सम्मी और कपिल हिसार के निवासी हैं।
एथलेटिक्स हरियाणा के महासचिव राजकुमार मिटान व मीडिया प्रभारी सत्यवीर धनखड़ ने बताया कि लड़कियों के वर्ग में 400 मीटर दौड़ में सम्मी गांव डाटा (हिसार) की रहने वाली है। इस समय वह भारतीय सेना में हवलदार के पद पर नियुक्त है। सम्मी के पिता किसान और माता गृहिणी हैं। 400 मीटर हर्डल में चयनित सिम्मी धानी मानु गांव (भिवानी) से है। वह अब महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक से स्नातक कर रही है और सिम्मी एमडीयू के कोच रमेश सिंधु से प्रशिक्षण ले रही हैं। 10000 मीटर रेस वाक इवेंट में रचना मोहम्मद पुर (महेंद्रगढ़) की रहने वाली है।
लड़कों के वर्ग में 400 मीटर दौड़ में कपिल गांव मसूदपुर (हिसार) का रहने वाला है। कपिल भारतीय सेना में कार्यरत है। कपिल के प्रारंभिक कोच रमेश दलाल (मसूदपुर) के हैं। फिलहाल कपिल एमडीयू रोहतक के शारीरिक प्रशिक्षक रमेश सिंधु से प्रशिक्षण ले रहा है।
दीपक रोहिल्ला 400 मीटर दौड़ जवाहरा (सोनीपत) निवासी है। शॉटपुट इवेंट में भाग ले रहे संयम रोहतक के महम का रहने वाला है वहीं सावन (रोहतक) के रिटोली का रहने वाला है। भारतीय टीम के साथ हरियाणा के रेस वाक कोच कर्ण राठी (झज्जर) और जैवलिन कोच गुरप्रीत कौर (सिरसा) जा रहे हैं।