video grab में दिख रहा है नोटों से भरा नीला थैला...
- फोटो : video grab
स्पेशल स्टाफ पुलिस की टीम ने होटल के अतिक्रमण को लेकर समझौता करने के नाम पर 8 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए इंडियन नेशनल लोकदल के नेता जितेंद्र श्योराण को उनके घर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 8 लाख रुपये भी बरामद किए हैं। बिचौलिया राजबीर यह रुपये लेकर जितेंद्र श्योराण के घर पहुंचा था।
इनेलो नेता जितेंद्र श्योराण ने पिछले सप्ताह सेक्टर 9-11 की जमीन पर बने होटल तमस के खिलाफ प्रदर्शन किया था। उन्होंने होटल मालिक पर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया था। इस बारे में एचएसवीपी में शिकायत भी गई थी। जिसके बाद एचएसवीपी की संपदा अधिकारी ने मौके का निरीक्षण कर होटल मालिक को नोटिस दिया था। होटल संचालक को अतिक्रमण हटाने के लिए अल्टीमेटम दिया था।
इस बीच जितेंद्र श्योराण से एक बिचौलिये ने संपर्क किया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जितेंद्र श्योराण की होटल संचालक से 8 लाख रुपये में डील हुई। प्रापर्टी डीलिंग करने वाला राजबीर होटल मालिक साहिल अग्रवाल से 8 लाख रुपये लेकर मंगलवार रात करीब 10 बजे जितेंद्र श्योराण के घर सेक्टर 9-11 पहुंचा। राजबीर ने यह पैसे एक थैले में डाले हुए थे। जब राजबीर ने रुपयों से भरा थैला जितेंद्र श्योराण को थमाया तो उसी समय स्पेशल स्टाफ के इंस्पेक्टर पवन की टीम ने उसे दबोच लिया।
कौन है जितेंद्र श्योराण...
जजपा की टिकट पर 2019 में हिसार विधानसभा का चुनाव लड़ चुके जितेंद्र श्योराण 2024 के चुनाव से पहले इनेलो में शामिल हो गए थे। जितेंद्र श्योराण की पत्नी सुमन ने 2025 में ही वार्ड 13 से पार्षद का चुनाव लड़ा था। जिसमें उसे हार का सामना करना पड़ा था। जितेंद्र श्योराण ने हिसार संघर्ष समिति बनाई हुई है। हिसार संघर्ष समिति के जरिए मिलगेट रोड,प्रापर्टी टैक्स सहित कई मुददों को आंदोलन किया था। जितेंद्र श्योराण सेक्टर 9-11 आरडब्ल्यूए के प्रधान भी हैं।