सवा सात करोड़ रुपये के टेंडर को आखिरकार निगम से टेक्निकल अप्रूवल मिल गई। मंगलवार को ही गुड़गांव से अप्रूवल लेटर नगर निगम कार्यालय पहुंचा है। टेक्निकल अप्रूवल मिलने के बाद अब अधिकारियों ने ठेकेदारों को वर्क ऑर्डर जारी करने की तैयारी कर ली है। अधिकारियों का कहना है कि इसी सप्ताह वर्क ऑर्डर जारी हो जाएंगे। जिसके बाद शहर में तुरंत प्रभाव से विकास कार्य शुरू हो जाएंगे।
ठेकेदारों ने काम करने से किया था इनकार
बिना टेक्निकल अप्रूवल के ठेकेदारों ने पहले काम करने से इनकार कर दिया था। ठेकेदारों ने कहा था कि वे तभी काम करेंगे जब उन्हें टेक्निकल अप्रूवल मिल जाएगी। बिना टेक्निकल अप्रूवल के वे वर्क ऑर्डर लेने तक तैयार नहीं थे। सूत्रों ने दावा किया था कि यहां कमीशन का खेल था। जिसे ठेकेदारों ने देने से इनकार कर दिया था।
कमीशन के खेल ने बिगाड़ी अप्रूवल की प्रक्रिया
नगर निगम में टेक्निकल अप्रूवल के बिना ही टेंडर लगाने की प्रक्रिया चल रही है। सूत्रों का कहना है कि कमीशन के खेल ने यह अप्रूवल प्रक्रिया बिगाड़ दी। ठेकेदारों से कमीशन एकत्रित कर अधिकारी आगे पहुंचाते हैं जिसके बाद वहां से पैसों में अप्रूवल मिलती है। पैसे के इस खेल पर स्थानीय अधिकारी बेफिक्र होकर टेंडर लगा देते हैं। टेंडर लगाने के बाद टेक्निकल अप्रूवल ली जाती है। जिसके पीछे पूरा खेल खेला जाता है। इस बार निगम ठेकेदारों ने ये पैसा देने से साफ इनकार कर दिया था जिसके बाद निगम अधिकारियों में हड़कंप मच गया और अफरा तफरी में किसी तरह से टेक्निकल अप्रवूल ले आए।
मुद्दा उठते ही हरकत में आए अधिकारी
अमर उजाला ने इस मुद्दे को उठाया था। ठेकेदारों से रुपये लेकर अधिकारियों को बांटने के खेल के बारे में सार्वजनिक बात रखी गई। ठेकेदारों ने भी हिम्मत दिखाई और स्थानीय अधिकारियों को कमीशन का एक पैसा देने से इनकार कर दिया। मामला मीडिया में आने के बाद अधिकारी हरकत में आए और उन्होंने किसी ढंग से टेक्निकल अप्रूवल मंगवा ली।
टेक्निकल अप्रूवल आ गई है। अब ठेकेेदारों को वर्क ऑर्डर जारी कर दिए जाएंगे। जल्द ही शहर में विकास कार्य शुरू हो जाएंगे।
-रामजीलाल, एक्सईएन नगर निगम।