अखिल भारतीय बिश्नोई सभा के संरक्षक कुलदीप बिश्नोई ने कहा प्रधानमंत्री के साथ पतंग उड़ाओ और बच के निकल जाओ। पहले मुंबई में बच गए। फिर राजस्थान में बच गए। उन्होंने कहा कि हम एक महीना इंतजार करेंगे अगर राजस्थान सरकार सुप्रीम कोर्ट में नहीं पहुंची तो हम सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करेंगे।
वीरवार को बिश्नोई मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में सभा के संरक्षक एवं आदमपुर विधायक कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि अगर हम सही तरीके से काम कर रहे होते तो किसी सलमान की हिम्मत नहीं होती जो हिरण की हत्या कर दे। सलमान के छूट जाने के बाद हिरण की हत्या के केस बढे़ हैं। सलमान नशे में मुंबई में लोगों की रौंदकर हत्या कर दे। शौक के लिए राजस्थान में हिरण को मार दें। फिर पीएम के साथ पतंग उड़ाओ और बच के निकल जाओ। हमे लड़ाई लड़नी होगी। सलमान के खिलाफ राजस्थान की सरकार एक महीने में सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करे। राजस्थान की बिश्नोई सभा इसके लिए प्रदेश सरकार पर दवाब बनाए। अगर एक महीने में राजस्थान की सरकार सुप्रीम कोर्ट नहीं जाएगी तो बिश्नोई सभा सुप्रीम कोर्ट जाएगी। इसके लिए हम सुप्रीम कोर्ट में अच्छे से अच्छा वकील करेंगे। इस केस का पूूरा खर्च मैं खुद अदा करूंगा।
बेटी बचाओ का संदेश देते हुए कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि बेटियां सबसे आगे हैं। ओलंपिक में भी बेटियों ने ही पदक हासिल किए। बेटी पैदा करने में संकोच नहीं होना चाहिए। भ्रूण हत्या करने वालों के खिलाफ बीड़ा उठाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यहां से हर एक व्यक्ति साल में कम से कम एक पौधा जरूर लगाने का संकल्प लेकर जाए।
इस मौके पर अखिल भारतीय बिश्नोई सभा के पीठाधीश्वर आचार्य रामानंद, सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हीराराम भंवाल, फलौदी के विधायक पब्बा राम बिश्नोई, पूर्व विधायक जसमा देवी, पूर्व संसदीय सचिव दूड़ाराम, पूर्व सांसद पं. राजीलाल, पूर्व विधायक हीरालाल मौजूद रहे।
राजनीति से दूर रहे वक्ता
इस बार मंच से राजनीतिक बातें नहीं हुईं। सभी वक्ताओं ने समाज-पर्यावरण से जुड़ी बातों पर ही फोकस किया। कुलदीप बिश्नोई का भाषण भी सलमान खान व पर्यावरण तक सीमित रहा। हजकां का कांग्रेस में विलय होने के बाद यह पहली जन्माष्टमी थी।