हरियाणा के हिसार में जारी 37वीं हरियाणा स्टेट सीनियर पुरुष वर्ग की हॉकी प्रतियोगिता में दूसरे दिन प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए। इस दौरान पांच मैच हुए। गुरुवार को रोहतक और पलवल के बीच हुए पहले मैच में रोहतक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 9-1 से एकतरफा जीत हासिल की। रोहतक टीम की ओर से अंकित ने 3, रोहित ने 2, सागर ने 2 और कृष्ण ने 2 गोल कर टीम को जीत दिलाई।
दूसरा मैच यमुनानगर और झज्जर के बीच खेला गया। इस मैच में झज्जर ने यमुनानगर को 2-1 से हराया। झज्जर की ओर से 50वें मिनट में पहला गोल सूरज सिंह ने पेनल्टी स्ट्रोक पर किया। वहीं तुरंत पलटवार करते हुए 51वें मिनट में यमुनानगर के खिलाड़ी नवजोत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर एक गोल कर टीम को बराबरी पर ला दिया।
उसके बाद 53वें मिनट में झज्जर टीम की तरफ से खेल रहे वासुदेव ने पेनल्टी कॉर्नर पर एक गोल कर टीम को जीत दिलाई। प्रतियोगिता में मुख्यातिथि के रूप में संदीप गंगवा, मनोज टॉक, सेवानिवृत्त डीईओ देवेंद्र सिंह, सुरेंद्र डाबड़ा पहुंचे और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
पानीपत और भिवानी के बीच हुए चौथे मैच में भिवानी ने 3-1 से जीत हासिल की। हिसार ने कुरुक्षेत्र को 2-1 से हराया। हिसार टीम के खिलाड़ी रोहित यादव को बेस्ट प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया। शुक्रवार को क्वार्टर फाइनल मैच खेले जाएंगे।